खेल डेस्क: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने आगामी सीजन के लिए बड़ा फैसला लिया है। टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते नजर आएंगे। फ्रेंचाइजी ने 27 नवंबर को सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की। रोहित की वापसी के साथ ही मुंबई इंडियंस के प्रशंसकों में उत्साह बढ़ गया है।
रोहित शर्मा को दोबारा कप्तानी सौंपने का फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब टीम को नए कप्तान की तलाश थी। हार्दिक पंड्या के पंजाब किंग्स (PBKS) में जाने के बाद मुंबई इंडियंस के सामने नेतृत्व को लेकर बड़ा सवाल था। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने अपने सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा पर एक बार फिर भरोसा जताया है।
रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की। मुंबई ने साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब जीते थे। इस उपलब्धि के साथ रोहित शर्मा ने महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी की है। धोनी ने भी अपनी कप्तानी में पांच बार IPL ट्रॉफी जीती है। रोहित ने एक दशक से ज्यादा समय तक मुंबई इंडियंस की कमान संभाली और टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
Smile, everybody smile 💙
#MumbaiIndians #CaptainRo https://t.co/YUqYZTQxu9
— Mumbai Indians (@mipaltan) November 27, 2026
मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा की तस्वीर साझा करते हुए सोशल मीडिया पर खास अंदाज में उनकी कप्तानी की घोषणा की। फ्रेंचाइजी ने पोस्ट में लिखा, ‘मुस्कुराइए, सब लोग मुस्कुराइए।’ इसके साथ ब्लू हार्ट और #CaptainRo हैशटैग भी इस्तेमाल किया गया। इस घोषणा के बाद रोहित शर्मा के प्रशंसकों में खुशी देखने को मिल रही है। फैंस को उम्मीद है कि उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस एक बार फिर खिताब जीतने की मजबूत दावेदार बनेगी।
Aala re aala, Mumbai cha Raja aala! 👑
Mumbai Indians cha captain, Rohit Hitman Sharma aala! 💙#MumbaiIndians #CaptainRo https://t.co/lDgSubCjX7
— Mumbai Indians (@mipaltan) November 27, 2026
रोहित शर्मा का मुंबई इंडियंस के लिए कप्तानी रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने टीम के लिए कुल 163 मैचों में कप्तानी की है। इनमें चैंपियंस लीग टी20 के मुकाबले भी शामिल हैं।
– कुल कप्तानी मैच: 163
– जीते गए मैच: 91
– हारे गए मैच: 68
– टाई मैच: 4
– जीत का प्रतिशत: 55.82%
ये आंकड़े बताते हैं कि रोहित शर्मा ने लंबे समय तक टीम को सफल नेतृत्व दिया है।
हार्दिक पंड्या की कप्तानी में पिछले तीन सीजन मुंबई इंडियंस के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। इस दौरान टीम दो बार प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। IPL 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन काफी खराब रहा। टीम ने 14 लीग मुकाबलों में केवल चार मैच जीते और 10 टीमों की अंकतालिका में नौवें स्थान पर रही। अब रोहित शर्मा की दोबारा कप्तानी मिलने से टीम को नई शुरुआत की उम्मीद है। देखना होगा कि पांच बार मुंबई को चैंपियन बनाने वाले रोहित आगामी सीजन में टीम को फिर से खिताब तक पहुंचा पाते हैं या नहीं।