
नई दिल्लीः कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) आज बाजार में आ गई है। खास बात यह है कि इस किताब को लॉन्च करने के लिए कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया। बिना किसी औपचारिक लॉन्च इवेंट के ही यह किताब सीधे बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध हो गई है।
सोनिया गांधी ने इस किताब को अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कहानी बताया है। उनका कहना है कि यह कोई राजनीतिक किताब नहीं है, बल्कि इसमें उनके जीवन के अनुभवों, परिवार, रिश्तों और जिंदगी में आए उतार-चढ़ाव का जिक्र किया गया है।
View this post on Instagram
इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी जिंदगी के कई ऐसे किस्से साझा किए हैं, जिनके बारे में अब तक बहुत कम जानकारी सामने आई थी। इसमें राजीव गांधी के साथ उनकी पहली मुलाकात, दोनों की प्रेम कहानी, गांधी परिवार की बड़ी त्रासदियां और साल 2004 में हुए राजनीतिक घटनाक्रम का भी जिक्र है।
राहुल, प्रियंका और पोते-पोतियों को समर्पित की किताब
सोनिया गांधी ने अपनी इस किताब को अपने परिवार के नाम समर्पित किया है। किताब के शुरुआती पन्ने पर उन्होंने लिखा है कि यह किताब उनके बेटे राहुल गांधी, बेटी प्रियंका गांधी और पोते-पोतियों रैहान और मिराया के नाम है। इससे साफ है कि सोनिया गांधी ने इस किताब के जरिए अपनी जिंदगी की कहानी परिवार की अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश की है।
There’s bound to be some tamasha when this book comes out. After all, others have spent decades telling my “story”, now it’s my turn. https://t.co/jDy5vBI8ey
— Sonia Gandhi (@SoniaGandhi) October 27, 2026
किताब आने से पहले सोनिया ने किया था बड़ा इशारा
सोनिया गांधी ने 24 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने अपनी किताब को लेकर कहा था कि जब उनकी किताब सामने आएगी तो कुछ ‘तमाशा’ जरूर होगा। उन्होंने कहा था कि कई दशकों से दूसरे लोग उनकी कहानी बताते आ रहे हैं, लेकिन अब समय आ गया है कि वह खुद अपनी कहानी दुनिया के सामने रखें।
527 पन्नों की किताब में कुल 7 अध्याय
हार्पर कॉलिन्स इंडिया की ओर से प्रकाशित इस किताब में कुल 527 पन्ने हैं। इसे सात अलग-अलग अध्यायों में बांटा गया है। हर अध्याय सोनिया गांधी की जिंदगी के एक खास दौर और अनुभव को सामने रखता है।
किताब के सात अध्याय इस प्रकार हैं:
लव एंड कोर्टशिप: राजीव गांधी और सोनिया गांधी की प्रेम कहानी और रिश्ते की शुरुआत।
फाइंडिंग माई वे: नई जगह, नए माहौल और जिंदगी में अपनी पहचान बनाने का सफर।
ट्रायम्फ्स एंड डिफीट: जिंदगी में मिली सफलताओं और असफलताओं की कहानी।
राजीव एस प्राइम मिनिस्टर: राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने और उनके राजनीतिक जीवन से जुड़े अनुभव।
डिनाउंस एंड आफ्टरमैथ: बड़ी घटनाओं, दुखों और उनके बाद जिंदगी पर पड़े असर का जिक्र।
लीडिंग द कांग्रेस पार्टी: कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी संभालने और नेतृत्व करने का सफर।
ट्वेंटी इयर्स ऑन: पिछले 20 सालों के अनुभवों और जिंदगी को पीछे मुड़कर देखने की कहानी।
ऋग्वेद की ऋचा से दिया एकता और साथ चलने का संदेश
सोनिया गांधी की किताब में ऋग्वेद की एक ऋचा भी शामिल की गई है। इस ऋचा के जरिए मिल-जुलकर रहने, एक साथ आगे बढ़ने और विचारों में एकता बनाए रखने का संदेश दिया गया है। इसका आसान अर्थ है कि सभी लोग मिलकर चलें, एक-दूसरे से मिलकर बात करें और सबके विचार एक-दूसरे से जुड़े हों। सभी का लक्ष्य एक हो और उनके दिलों में आपसी तालमेल बना रहे। ऋचा में यह भी कहा गया है कि जब लोगों के विचार और उद्देश्य एक होंगे, तभी वे मिलकर एकता और शांति के साथ जीवन जी सकेंगे।
साल 2004 में ही सोनिया गांधी ने कर लिया था प्रधानमंत्री न बनने का फैसला
किताब में सोनिया गांधी ने साल 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद हुए राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर भी बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने 2004 में ही मन बना लिया था कि वह देश की प्रधानमंत्री नहीं बनेंगी। इस फैसले के पीछे केवल उनका अपना विचार नहीं था, बल्कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी उन्हें प्रधानमंत्री बनते हुए नहीं देखना चाहते थे। राहुल और प्रियंका के मन में अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी की हत्या की यादें थीं। दोनों को डर था कि अगर सोनिया गांधी प्रधानमंत्री बनती हैं तो उनकी सुरक्षा को भी खतरा बढ़ सकता है।
चुनाव से पहले फैसले को रखा था गुप्त
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान अपने इस फैसले के बारे में किसी को नहीं बताया था। उन्हें डर था कि अगर उन्होंने पहले ही प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने की बात सार्वजनिक कर दी तो पार्टी के अंदर नेतृत्व को लेकर विवाद शुरू हो सकता है। इसलिए उन्होंने चुनाव खत्म होने तक इस फैसले को अपने तक ही रखा। जब चुनाव के बाद कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को जीत मिली तो गठबंधन के कई नेताओं ने सोनिया गांधी से अपना फैसला बदलने की अपील की।
नेताओं ने उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन सोनिया गांधी अपने फैसले पर कायम रहीं। उन्होंने लिखा कि उन्होंने जब नेताओं को अपना फैसला समझाने की कोशिश की तो नेताओं ने उनकी पूरी बात सुने बिना ही यह मान लिया कि वह प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हैं। इस दौरान प्रियंका गांधी खिड़की के बाहर खड़ी होकर यह पूरा घटनाक्रम देख रही थीं।
कैम्ब्रिज में हुई थी राजीव और सोनिया की पहली मुलाकात
किताब में सोनिया गांधी ने अपनी और राजीव गांधी की प्रेम कहानी के बारे में भी विस्तार से बताया है। सोनिया गांधी जब 19 साल की थीं, तब वह इटली से अंग्रेजी सीखने के लिए कैम्ब्रिज पहुंची थीं। इसी दौरान एक ग्रीक रेस्टोरेंट में उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई। जनवरी के एक दिन उनके दोस्त क्रिश्चियन वॉन स्टिगलिट्ज ने दोनों का परिचय करवाया था। सोनिया के मुताबिक, पहली मुलाकात में ही दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे थे। राजीव गांधी उस समय दिल्ली से कैम्ब्रिज के ट्रिनिटी कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने पहुंचे थे। शुरुआत में दोनों की मुलाकातें सामान्य थीं, लेकिन धीरे-धीरे उनकी दोस्ती गहरी होती गई। दोनों साथ घूमने लगे, दोस्तों के साथ पार्टियों में जाने लगे और छुट्टियां भी साथ बिताने लगे।
वैलेंटाइन डे पर पहली बार पार्टी में ले जाने पहुंचे थे राजीव
सोनिया गांधी ने किताब में एक खास किस्सा भी साझा किया है। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी पहली बार उन्हें वैलेंटाइन डे के मौके पर एक पार्टी में ले जाने के लिए पहुंचे थे। सोनिया के अनुसार, जब राजीव ने उन्हें देखा तो वह कुछ पल के लिए वहीं रुक गए थे। दोनों के बीच प्यार धीरे-धीरे इतना गहरा हो गया कि उन्हें लगने लगा था कि वे पूरी जिंदगी एक-दूसरे के साथ बिताना चाहते हैं।
पिता के गुस्से के डर से परिवार को नहीं बताया था रिश्ता
राजीव गांधी के साथ अपने रिश्ते को लेकर सोनिया गांधी शुरुआत में अपने परिवार को बताने से डरती थीं। उनके पिता स्टेफानो मैनो काफी सख्त स्वभाव के थे। वह अनुशासन को बहुत महत्व देते थे। सोनिया को डर था कि अगर उनके पिता को राजीव गांधी के साथ रिश्ते के बारे में पता चल गया तो वह उन्हें तुरंत वापस इटली बुला लेंगे। हालांकि, सोनिया ने यह भी बताया कि उनके पिता सख्त होने के बावजूद काफी दयालु इंसान थे। वह जरूरतमंद लोगों की मदद करने के लिए हमेशा तैयार रहते थे।
रूस में एक गरीब परिवार की मदद से जुड़ा है सोनिया के नाम का किस्सा
किताब में सोनिया गांधी ने अपने परिवार से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी बताया है। उन्होंने लिखा कि उनके पिता दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान इटली की सेना में शामिल थे और रूस के मोर्चे पर तैनात थे। वहां एक बार उन्होंने एक गरीब परिवार के बच्चों की मदद की थी और उन्हें खाना दिया था।
उस परिवार में दो छोटी बच्चियां थीं, जिनके नाम अनूश्का और सोनिया थे। उनके पिता इन बच्चियों के नाम से काफी प्रभावित हुए। बाद में जब उनके घर बेटियां पैदा हुईं तो उन्होंने उन्हीं बच्चियों के नाम पर अपनी बेटियों के नाम रख दिए। हालांकि, चर्च के रिकॉर्ड में उनकी बेटियों के नाम एलेसांद्रा और एंटोनिया दर्ज किए गए थे, लेकिन घर में उन्हें अनूश्का और सोनिया के नाम से ही बुलाया जाता था।
गांधी परिवार की त्रासदियों और राजनीतिक सफर का भी जिक्र
इस किताब में केवल सोनिया गांधी की निजी जिंदगी और प्रेम कहानी ही नहीं है, बल्कि गांधी परिवार के साथ हुई बड़ी दुखद घटनाओं और उनके राजनीतिक सफर को भी जगह दी गई है।साल 2004 के राजनीतिक फैसलों से लेकर कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व संभालने तक के अनुभव इसमें शामिल हैं।