Salil Kapoor became BJP’s urban chief : अमृतसर। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आगामी विधानसभा चुनाव के गुरुनगरी अमृतसर के राजनीतिक परिदृश्य को देखते हुए तथा सांगठनिक ढांचे को मजबूती के लिए एक बड़ा कदम उठाया है।
भाजपा ने सलिल कपूर पर जताया भरोसा
पार्टी हाईकमान की ओर से भाजपा अमृतसर शहरी के नए जिलाध्यक्ष के रूप में युवा व वरिष्ठ नेता सलिल कपूर को नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के बाद से स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। सलिल कपूर की नियुक्ति को पार्टी के जमीनी स्तर को मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। सलिल कपूर युवा मोर्चा के वार्ड प्रधान, मंडल अध्यक्ष, जिला सचिव, जिला महामंत्री और युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष, सहित प्रदेश युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष व महामंत्री सहित कई अन्य पदों पर कार्य कर चुके हैं। इस समय सलिल कपूर भाजपा अमृतसर के जिला महामंत्री थे, जिन्हें अब जिलाध्यक्ष पद की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेवारी उनकी पार्टी के प्रति सेवाओं व कर्मठता को देखते हुए दी है। अमृतसर जैसे महत्वपूर्ण सीमावर्ती जिले में पार्टी की कमान संभालना एक बड़ी जिम्मेदारी होगी।
चुनावी तैयारी पर रहेगा फोकस : सलिल कपूर
पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बिठाना तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना ही उनका प्राथमिक लक्ष्य होगा ताकि शहर में पार्टी का जनाधार और मजबूत हो सके। सलिल कपूर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों तथा प्रदेश नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए भरोसे के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह भाजपा नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अपने जिले के कार्यकर्ताओं तथा साथियों को लेकर भविष्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी को जमीनी स्तर पर तैयार करना रहेगा। उन्होंने कहा कि वह सभी को साथ लेकर अमृतसर में भाजपा को एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।

