Site icon Dainik Savera Times

नहीं रहे सपा विधायक सुधाकर सिंह, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

नेशनल डेस्क: मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुधाकर सिंह का लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी उनके बेटे डॉ. सुजीत सिंह ने दी। उनकी मृत्यु से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

67 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

सुधाकर सिंह की उम्र 67 साल थी। जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को दिल्ली में हुए उमर अंसारी (मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे) के रिसेप्शन से लौटने के बाद उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मंगलवार को लखनऊ ले जाया गया। गुरुवार की सुबह मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

ये भी पढ़ें: दम घोंट रही दिल्ली की जहरीली हवा, 535 के खतरनाक स्तर पर पहुंचा AQI

उनके बेटे सुजीत सिंह ने बताया कि पिता की हालत पिछले कई दिनों से ठीक नहीं थी। डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही थी, लेकिन गंभीर स्थिति के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका।

उपचुनाव में मिली थी बड़ी जीत

सुधाकर सिंह हाल ही में हुए उपचुनाव में अपनी शानदार जीत के कारण चर्चा में थे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार दारा सिंह चौहान को बड़े अंतर से हराकर घोसी सीट एक बार फिर अपने नाम की थी। उनकी यह जीत सपा के लिए काफी अहम मानी जा रही थी।

राजनीतिक सफर

सुधाकर सिंह एक अनुभवी नेता थे और लंबे समय से राजनीति में सक्रिय थे। घोसी विधानसभा क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ थी और वे जनता के बीच लोकप्रिय चेहरा माने जाते थे। अपने क्षेत्र में विकास कार्यों और लोगों से सरल व्यवहार के कारण उन्हें काफी सम्मान प्राप्त था। उनके निधन से न सिर्फ परिवार, बल्कि पार्टी और समर्थकों को भी गहरा नुकसान हुआ है।

ये भी पढ़ें: राशिफल 20 Nov 2025: जानिए 12 राशियों का कैसा रहेगा पूरा दिन

Exit mobile version