Site icon Dainik Savera Times

शिवरात्रि आज: सजे शिवालय, श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक; सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध

Sawan Shivratri 2025

नेशनल डेस्क: शिवरात्रि के मौके पर मंदिरों में विशेष प्रबंध किए गए हैं। जलाभिषेक का पहला मुहूर्त सुबह सवा 4 बजे से सुबह 4.56 बजे तक है। मंदिरों में जलाभिषेक शुरू हो गया है। जलाभिषेक का दूसरा मुहूर्त सुबह 8 बजकर 32 मिनट से लेकर सुबह 10 बजकर 02 मिनट तक है।

राजधानी दिल्ली और एनसीआर समेत देशभर में मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों, आकर्षक तोरण द्वारों और फूलों की झालरों से सजाया गया है। बुधवार को देशभर में लाखों शिवभक्त भगवान शिव को जलाभिषेक करेंगे। प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी हुई हैं।

मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सेवा समितियों ने स्वयंसेवकों की ड्यूटियां लगाई हैं। पेयजल, बैरिकैडिंग, प्राथमिक उपचार के अलावा भंडारों की उचित व्यवस्था की गई है। कमेटियों की ओर से मंगलवार रात्रि मंदिरों में विशेष आरती, रात्रि जागरण और भजन कीर्तन का आयोजन किया गया है। पुलिस और प्रशासन की भी कड़ी नजर है।

एनसीआर में कांवड़ियों का स्वागत

दिल्ली समेत एनसीआर में कांवड़ियों के लिए मंदिरों में विशेष शिविर लगाए गए हैं। लंबी पदयात्रा के बाद यहां पहुंचे कांवड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। शिविर में पहुंचे भक्तों का ढोल-नगाड़ों से स्वागत हुआ। बुजुर्गों ने शिवभक्तों को आशीर्वाद दिया। राजधानी में इस बार झूला और खड़ी कांवड़ लेकर पहुंचे भक्तों की तादाद अधिक है।

मनोज तिवारी ने भजनों से बांधा समां

कई जगह भक्तों पर पुष्प वर्षा की गई। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने विभिन्न कांवड़ शिविरों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भजन भी गाए। शिविरों में अपनी सेवाएं दे रहे कार्यकर्ताओं की भी उन्होंने जमकर सराहना की। वहीं, उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन श्री गोवर्धन भक्त मंडल ने भी गोमुख और हरिद्वार से जल लेकर पहुंचे कांवड़ियों का जोरदार स्वागत किया।

Exit mobile version