महाराष्ट्र: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट ने किताब के पेज नंबर 201 में लिखी बातों पर आपत्ति जताई है। गुट के नेताओं का आरोप है कि किताब में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर और शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे का अपमान किया गया है। शिंदे गुट ने महाराष्ट्र सरकार से इस किताब पर पूरे राज्य में प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
महाराष्ट्र में सोनिया गांधी की किताब को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना के शिंदे गुट के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किताब की कुछ बातों पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब में वीर सावरकर के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी गई हैं। इसके अलावा पेज नंबर 201 में लिखी बातों को बालासाहेब ठाकरे और महाराष्ट्र का अपमान बताया गया है।
शिंदे गुट के नेताओं का कहना है कि किताब में वीर सावरकर के अंग्रेजों से माफी मांगने और उन्हें पत्र लिखने का जिक्र किया गया है। नेताओं ने इसे सावरकर और महाराष्ट्र के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया।
‘Belonging of Jihad होना चाहिए किताब का नाम’
शिवसेना के शिंदे गुट के नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब के नाम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किताब का नाम ‘Belonging of Love’ नहीं, बल्कि ‘Belonging of Jihad’ होना चाहिए। नेताओं ने आरोप लगाया कि किताब में हिंदुत्व के खिलाफ बातें लिखी गई हैं।शिंदे गुट ने महाराष्ट्र सरकार से मांग की है कि सोनिया गांधी की इस किताब को पूरे राज्य में प्रतिबंधित किया जाए। उनका कहना है कि वीर सावरकर के खिलाफ लिखी गई बातों को महाराष्ट्र में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
#WATCH | Mumbai: Shiv Sena leaders Shaina NC, Sanjay Nirupam, Anand Dubey and others protested against Sonia Gandhi’s book Belonging, accusing it of whitewashing history and denigrating Veer Savarkar. During the demonstration, they tore pages from the book and demanded that publisher HarperCollins remove passages on pages 201 and 443
— ANI (@ANI) November 18, 2026
शिंदे गुट के नेताओं ने फाड़ी किताब
विरोध जताने के लिए शिवसेना शिंदे गुट के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सोनिया गांधी की किताब की प्रति भी फाड़ दी। इस मामले में शिवसेना नेता संजय निरुपम ने उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। संजय निरुपम ने कहा कि उद्धव ठाकरे को सोनिया गांधी की किताब में वीर सावरकर के बारे में लिखी गई बातों पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब किताब में सावरकर का अपमान किया जा रहा है, तब उद्धव ठाकरे इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं? उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस किताब का विरोध करती है और महाराष्ट्र सरकार से उम्मीद करती है कि इस पर पूरे राज्य में प्रतिबंध लगाया जाए।
बुक लॉन्च में अमरिंदर सिंह की मौजूदगी से भी हुई थी चर्चा
इससे पहले सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च कार्यक्रम में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के पहुंचने की खबर सामने आई थी। उनकी मौजूदगी को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई थी। फिलहाल सोनिया गांधी की किताब को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। एक तरफ शिंदे गुट ने किताब पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है, वहीं इस मुद्दे को लेकर उद्धव ठाकरे और कांग्रेस पर भी निशाना साधा जा रहा है।

