Site icon Dainik Savera Times

सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, पूर्व सांसद आनंद मोहन को एक महीने में करना होगा सरेंडर

Supreme Court Former MP Anand Mohan surrender within month Bihar Government

Supreme Court Former MP Anand Mohan surrender within month Bihar Government

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को पूर्व सांसद आनंद मोहन को समय से पहले रिहा करने के बिहार सरकार के फैसले को पलट दिया। साथ ही, आनंद मोहन को एक महीने में सरेंडर करने का आदेश दिया गया है। आनंद मोहन 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए थे।

बिहार सरकार की ओर से जेल नियमों में किए गए संशोधन के चलते आनंद मोहन की रिहाई हुई थी। आनंद मोहन की रिहाई के बाद जिलाधिकारी जी कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था और पूर्व सांसद को फिर से जेल भेजे जाने की मांग की। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के 2023 के संशोधन को भी असंवैधानिक घोषित किया।

कोर्ट ने अपने फैसले में क्या कहा?

अपने फैसले में कोर्ट ने कहा, “10 अप्रैल 2023 की अधिसूचना को असंवैधानिक, अमान्य और निष्प्रभावी घोषित किया जाता है, और इसे रद्द किया जाता है। इस फैसले में दर्ज निष्कर्षों को ध्यान में रखते हुए प्रतिवादी को समय से पहले रिहा करने का 24 अप्रैल 2023 का आदेश रद्द किया जाता है। प्रतिवादी को आज से एक महीने के भीतर सक्षम जेल प्राधिकरण के समक्ष अनिवार्य रूप से आत्मसमर्पण करना होगा।”

अदालत ने स्पष्ट किया है कि समयपूर्व रिहाई पर विचार करते समय पीड़ित को सुनवाई से वंचित नहीं किया जा सकता है। सजा में छूट देने का अधिकार सरकार के पास हो सकता है, लेकिन उसका इस्तेमाल कानून, निष्पक्षता और पीड़ित के अधिकारों को ध्यान में रखकर ही किया जाना चाहिए।

‘अदालत केवल मूकदर्शक बनकर नहीं रह सकती’

कोर्ट ने कहा कि न्याय के लिए कानून और नैतिकता के पक्ष में खड़ा होना जरूरी है। अदालत केवल मूकदर्शक बनकर नहीं रह सकती है। रिट क्षेत्राधिकार का इस्तेमाल करते हुए अदालत का दायित्व है कि वह सक्रिय रूप से न्याय सुनिश्चित करे। कोर्ट ने यह भी कहा कि न्यायिक समीक्षा सिर्फ निगरानी की औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि मनमानी कार्रवाई के खिलाफ वैधानिकता, निष्पक्षता और न्याय सुनिश्चित करने का सक्रिय माध्यम है।

Exit mobile version