
Vijay Kumar Malhotra : दिल्ली बीजेपी से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। आपको बता दें कि दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी के पहले प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का सुबह 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “अत्यंत दुख के साथ यह बताना पड़ रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा का आज सुबह आकस्मिक निधन हो गया है। उनका जीवन सादगी और जनसेवा को समर्पित रहा। जनसंघ काल से उन्होंने संघ की विचारधारा को दिल्ली में मजबूत करने के लिए अहम योगदान दिया। उनका कार्य हमें सदैव प्रेरणा देता रहेगा।”
भाजपा के वरिष्ठ नेता, दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। दुःख की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार उनके परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें।
ॐ शांति pic.twitter.com/VHvfQgWkem— BJP Delhi (@BJP4Delhi) September 30, 2025
जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर मल्होत्रा का पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज चल रहा था। जहां सुबह करीब 6 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से दिल्ली की राजनीतिक दुनिया में शोक की लहर दौड़ गई है।
Senior BJP leader Vijay Kumar Malhotra (in file pic) passes away at AIIMS, New Delhi at the age of 93 years. pic.twitter.com/6DwTLi4k1w
— ANI (@ANI) September 30, 2025
प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा के बारे में जानिए
बता दें कि विजय कुमार मल्होत्रा का राजनीतिक करियर लगभग 45 वर्षों से भी अधिक का रहा है। वे पहले भारतीय जनसंघ से जुड़े और बाद में भारतीय जनता पार्टी का महत्वपूर्ण चेहरा बने। वहीं मल्होत्रा पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे। बता दें कि उन्होंने 2008 से 2013 तक दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का दायित्व संभाला है। 2008 के विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया गया था।

1999 के आम चुनाव में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को हराकर बड़ी जीत हासिल की थी। वहीं 2004 के आम चुनाव में वह दिल्ली में बीजेपी के अकेले उम्मीदवार थे जिन्होंने विजय प्राप्त की। उनके नेतृत्व में पार्टी को दिल्ली में मजबूत आधार मिला और भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को नई दिशा मिली।
शिक्षा और व्यक्तित्व
राजनीति के साथ-साथ प्रोफेसर मल्होत्रा एक शिक्षाविद भी थे। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एमए और हिंदी साहित्य में पीएचडी की थी। शिक्षा के क्षेत्र में उनकी गहरी समझ और योगदान ने उन्हें एक विद्वान नेता के रूप में स्थापित किया। उनका जीवन सादगी, ईमानदारी और समाज सेवा के लिए समर्पित रहा।
दिल्ली में भाजपा को मजबूत बनाने में प्रोफेसर मल्होत्रा की भूमिका हमेशा याद की जाएगी। वे दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष रहे और पार्टी को राजधानी में जमीनी स्तर पर खड़ा करने में उन्होंने अहम जिम्मेदारी निभाई। उनके योगदान को भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक लंबे समय तक याद रखेंगे।