Site icon Dainik Savera Times

‘दुनिया युद्ध की बात कर रही, भारत सभ्यताओं को जोड़ रहा’, SCO फोरम में बोले PM मोदी

world talking about war India connecting civilizations PM Modi at SCO forum

world talking about war India connecting civilizations PM Modi at SCO forum

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि आज पूरी दुनिया में युद्ध और अशांति की चर्चा हो रही है, लेकिन भारत सभ्यताओं और संस्कृतियों के बीच आपसी बातचीत को बढ़ावा देने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध मजबूत होने से दुनिया में शांति बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संबंध दुनिया में शांति की सबसे मजबूत गारंटी हैं। ऐसे समय में जब कई देशों के बीच तनाव और युद्ध की स्थिति बनी हुई है, तब सभ्यताओं के बीच बातचीत बेहद जरूरी हो जाती है।

सांस्कृतिक रिश्तों से मजबूत होंगे देशों के संबंध

PM मोदी ने कहा कि SCO ने पिछले 25 वर्षों में सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और आपसी संपर्क के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत किया है। अब सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग से सदस्य देशों के रिश्तों को और बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फोरम नए विचारों को सामने लाएगा और अलग-अलग देशों के बीच सांस्कृतिक सहयोग के नए रास्ते खोलेगा। प्रधानमंत्री के मुताबिक, सभी देशों की साझा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत दुनिया को एक साथ लाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

20 से 22 नवंबर तक चलेगा कार्यक्रम

भारत 20 से 22 नवंबर तक तीन दिवसीय SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम की मेजबानी कर रहा है। इसमें SCO के सदस्य देशों के अलावा पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि पाकिस्तान समेत SCO के सभी सदस्य देशों को इस कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया गया है। इस फोरम का उद्देश्य अलग-अलग देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान बढ़ाना, एक-दूसरे की परंपराओं को समझना और आपसी संबंधों को मजबूत करना है।

चीन में PM मोदी ने दिया था फोरम बनाने का प्रस्ताव

इस फोरम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साल 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन में दिए गए प्रस्ताव के आधार पर हुई है। उस समय उन्होंने SCO के तहत सभ्यताओं के बीच बातचीत के लिए एक विशेष मंच बनाने का सुझाव दिया था। बाद में SCO के बिश्केक घोषणा-पत्र में भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया। अब इसी पहल के तहत भारत में पहला सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम आयोजित किया जा रहा है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखेगी भारत की विरासत

फोरम के उद्घाटन समारोह में ‘Civilisations in Conversation – Cultural Show’ नाम से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें संगीत, नृत्य, कहानी और दृश्य प्रस्तुतियों के जरिए भारत और यूरेशिया के बीच पुराने सांस्कृतिक संबंधों को दिखाया गया। इस कार्यक्रम की थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम यानी पूरी दुनिया एक परिवार है’ रखी गई।

इसके अलावा ‘ASTITVA – The Essence of Our Existence’ नाम से एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है। इस प्रदर्शनी में 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के दिल्ली के इतिहास को दिखाया गया है। इसमें खुदाई से मिली वस्तुएं, प्राचीन कलाकृतियां, वास्तुकला के नमूने और ऐतिहासिक अवशेष शामिल हैं। एक अन्य खास आकर्षण ‘महाभारत स्क्रॉल पैवेलियन’ है। इसमें 18वीं सदी की दुर्लभ महाभारत चित्रित पांडुलिपि को प्रदर्शित किया गया है।

Exit mobile version