Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

भूटान में खोरलोचू जलविद्युत परियोजना 2029 में होगी शुरू, Tata Power ने दी जानकारी 

December 8, 2024

भूटान में खोरलोचू जलविद्युत परियोजना 2029 में होगी शुरू, Tata Power ने दी जानकारी 
नई दिल्ली: टाटा पावर के सीईओ और प्रबंध निदेशक प्रवीर सिन्हा ने कहा कि भूटान में 6,900 करोड़ रुपये की खोरलोचू जलविद्युत परियोजना का निर्माण कार्य शुरू हो गया है और संयंत्र के 2029 तक चालू होने की संभावना है। यह 600 मेगावाट की परियोजना पड़ोसी देश के पूर्वी हिस्से में खोलोंगचू नदी पर विकसित की जा रही है।
भारत के बाहर जलविद्युत परियोजनाओं की योजनाओं पर एक सवाल के जवाब में सिन्हा ने पीटीआई-भाषा को बताया, हम भूटान पर नजर रख रहे हैं। खोरलोचू में 600 मेगावाट की परियोजना के लिए काम पहले ही शुरू हो चुका है.. सुरंग का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजना सितंबर 2029 में चालू होने की उम्मीद है।
टाटा पावर और भूटान स्थित ड्रुक ग्रीन पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (जीजीपीसी) ने अगस्त में 6,900 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से जलविद्युत परियोजना विकसित करने के लिए साझेदारी की थी। इस साझेदारी के तहत टाटा पावर का सार्वजनिक-निजी भागीदारी वाली कंपनी खोरलोचू हाइड्रो पावर लिमिटेड में 40 प्रतिशत इक्विटी निवेश शामिल है।
सिन्हा ने कहा कि साझेदारी के तहत भूटान में 1,125 मेगावाट की एक और परियोजना स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोरजिलुंग एचईपी (जलविद्युत परियोजना) का निर्माण-पूर्व कार्य जनवरी 2025 में शुरू होगा और परियोजना के 2031 के मध्य तक चालू होने की उम्मीद है। जब उनसे पूछा गया कि क्या कंपनी नेपाल में भी ऐसी कोई परियोजना शुरू करने पर विचार कर रही है, तो उन्होंने कहा कि अभी तक ऐसी कोई योजना नहीं है। सिन्हा ने कहा कि हालांकि, अगर कोई अवसर आता है, तो उसका मूल्यांकन किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें