Site icon Dainik Savera Times

5G यूजर्स की कॉल ड्रॉप को लेकर कम हुई परेशानी : सर्वेक्षण

नई दिल्ली : 5जी नैटवर्क का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को अब कॉल ड्रॉप को लेकर दूसरे नैटवर्क के मुकाबले कम परेशानी आ रही है। हाल में हुए एक सर्वेक्षण के अनुसार वे यूजर्स जिन्होंने किसी दूसरे नैटवर्क से 5जी पर स्विच किया है, उन्हें डाटा स्पीड भी अच्छी मिल रही है। ऑनलाइन सर्वेक्षण फर्म लोकल सर्कल्स ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि 5जी नैटवर्क पर स्विच करने वाले आधे से ज्यादा यूजर्स ने कॉल ड्रॉप में कमी और डाटा स्पीड में सुधार का अनुभव किया है। सर्वेक्षण के अनुसार, 53 प्रतिशत स्मार्टफोन यूजर्स का कहना है कि 3जी और 4जी से 5जी सेवाओं पर आने के बाद कॉल ड्रॉप या कनैक्ट की स्थिति में सुधार हुआ है।

सर्वेक्षण में शामिल लगभग 30 प्रतिशत यूजर्स ने कहा कि कॉल ड्रॉप दर में कोई सुधार नहीं हुआ है। 9 प्रतिशत यूजर्स ने शिकायत की कि इसमें कुछ गिरावट आई है। 5 प्रतिशत यूजर्स का यह भी कहना था कि कॉल ड्रॉप की समस्या और बढ़ गई है। लोकल सर्कल्स का दावा है कि सर्वेक्षण में 361 जिलों के ग्राहकों (स्मार्टफोन यूजर्स) से कुल 47,000 से अधिक प्रतिक्रिया प्राप्त हुईं, जबकि प्रत्येक प्रश्न के उत्तरों की संख्या अलग-अलग थी। इस सर्वेक्षण को 5 अगस्त से 10 अक्तूबर के बीच करवाया गया। करीब 60 प्रतिशत यूजर जोकि सर्वेक्षण का हिस्सा बने थे, जिन्होंने कहा कि 5जी नैटवर्क को लेकर डाटा कनैक्शन भी फास्ट हुआ है। ये वे यूजर्स थे जो पहले 3जी या 4जी का इस्तेमाल कर रहे थे। 3जी-4जी से 5जी नैटवर्क पर स्विच करने के बाद इन यूजर्स ने पुराने नैटवर्क से नए को लेकर अपना अनुभव साझा किया।

ये भी पढ़ें: Pradosh Vrat 2026 Date: आज है भौम प्रदोष व्रत… जानिए सही पूजा विधि और मुहूर्त

Exit mobile version