Site icon Dainik Savera Times

2000 के 98.21 प्रतिशत नोट वापस लौटे, 6,366 करोड़ रुपए अब भी जनता के पास: RBI

rupees
बिजनेस डेस्क: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मंगलवार को कहा कि 2000 रुपए के 98.21 प्रतिशत नोट बैंकिंग प्रणाली में वापस आ गए हैं और केवल 6,366 करोड़ रुपए मूल्य के ऐसे नोट अब भी जनता के पास हैं। भारतीय रिजर्व बैंक ने 19 मई, 2023 को 2000 रुपए मूल्य के बैंक नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की थी।

आरबीआई ने कहा कि प्रचलन में 2000 रुपए के बैंक नोटों का कुल मूल्य 19 मई, 2023 को कारोबार बंद होने पर 3.56 लाख करोड़ रुपए था। अब 31 मार्च, 2025 को कारोबार बंद होने पर इनका कुल मूल्य घटकर 6,366 करोड़ रुपए रह जाएगा।

आरबीआई का बयान 
आरबीआई ने बयान में कहा, 19 मई, 2023 तक प्रचलन में रहे 2000 रुपए के बैंक नोटों में से 98.21 प्रतिशत वापस आ चुके हैं। दो हजार रुपए के बैंक नोट जमा करने और/या बदलने की सुविधा सात अक्टूबर, 2023 तक सभी बैंक शाखाओं में उपलब्ध थी। हालांकि, यह सुविधा अब भी रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है।

डाकघर के जरिए जमा करा सकते हैं नोट 
नौ अक्टूबर, 2023 से आरबीआई के निर्गम कार्यालय भी व्यक्तियों और संस्थाओं से उनके बैंक खातों में जमा करने के लिए 2000 रुपए के बैंक नोट स्वीकार कर रहे हैं। इसके अलावा, आम लोग देश के किसी भी डाकघर से भारतीय डाक के माध्यम से 2000 रुपए के नोट को अपने बैंक खाते में जमा कराने के लिए आरबीआई के किसी भी कार्यालय में भेज सकते हैं। दो हजार रुपए के नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे।

Exit mobile version