नई दिल्ली: भारतीय उद्योग जगत के शीर्ष नेताओं ने कहा कि भारत-अमरीका व्यापार समझौता भारत की वृद्धि महत्वाकांक्षाओं को गति प्रदान देगा। उन्होंने कहा कि इससे देश को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी विनिर्माण एवं नवाचार केंद्र बनाने में मदद मिलेगी। भारती एंटरप्राइजिज के संस्थापक एवं चेयरमैन सुनील मित्तल से लेकर आदित्य बिड़ला समूह के कुमार मंगलम बिड़ला और महिंद्रा समूह के अनीश शाह तक भारतीय उद्योग जगत के दिग्गजों ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश परिदृश्य को बदलने की इसकी क्षमता को रेखांकित करते इस ऐतिहासिक समझौते पर प्रतिक्रिया व्यक्त की।
दोनों देशों के बीच हुए इस व्यापार समझौते पर प्रतिक्रिया देते महिंद्रा ग्रुप के सीईओ और प्रबंध निदेशक अनीश शाह ने इसे द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था के मजबूत वृद्धि पथ पर होने के साथ, यह सौदा भारत की वृद्धि महत्वाकांक्षाओं को सार्थक गति प्रदान करता है। भारती एंटरप्राइजिज के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल ने कहा कि भारत-अमरीका व्यापार समझौता दोनों देशों के लिए बहुप्रतीक्षित और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो निवेश और वृद्धि के लिए अपार अवसर खोलता है।
आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि कम शुल्क से इन 2 महान देशों के बीच रणनीतिक और आíथक संबंधों को मजबूत करने में मदद मिलेगी और निवेश तथा सहयोग के अतिरिक्त अवसर मिलेंगे। आदित्य बिड़ला ग्रुप अमरीका में सबसे बड़ा भारतीय निवेशक है, उन्होंने कहा कि यह समझौता अधिक लचीली आपूíत श्रृंखला बनाने, विनिर्माण के अवसरों को खोलने और अमरीका तथा भारत में दीर्घकालिक आíथक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में मदद करेगा।
टीवीएस मोटर कंपनी के चेयरमैन सुदर्शन वेणु ने कहा कि भारतीय सामानों पर अमरीकी जवाबी शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत करना एक सकारात्मक कदम है, जो निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार करता है।और दीर्घकालिक द्विपक्षीय आíथक संबंधों में विश्वास पैदा करता है। आरपीजी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने एक्स पर पोस्ट किया, पहले यूरोपीय संघ के साथ मदर ऑफ ऑल डील्स और अब अमरीका के साथ फादर ऑफ ऑल डील्स – प्रधानमंत्री मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि! धैर्य का फल मिलता है।

