Site icon Dainik Savera Times

Electronics Price Hike: अक्टूबर से महंगे होंगे AC, TV और वॉशिंग मशीन, जानें कितनी बढ़ेगी कीमत

Electronics Price Hike

Electronics Price Hike

Electronics Price Hike: त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले आम ग्राहकों को महंगाई का एक और झटका लग सकता है। एयर कंडीशनर (AC), एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन और रेफ्रिजरेटर समेत कई कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की तैयारी है। कंपनियों के मुताबिक, कॉपर, स्टील, एल्युमिनियम, प्लास्टिक और कच्चे तेल से जुड़े उत्पादों की लागत बढ़ने के साथ माल ढुलाई और विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव का असर भी उत्पादन लागत पर पड़ा है।

AC की कीमत में 5 से 8 फीसदी तक बढ़ोतरी

कंपनियां एयर कंडीशनर की कीमतों में करीब 5 से 8 प्रतिशत तक इजाफा कर सकती हैं। वहीं वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और एलईडी टीवी जैसी श्रेणियों में करीब 3 से 4 प्रतिशत तक कीमत बढ़ने की संभावना है।

हालांकि, सभी कंपनियों ने तत्काल कीमत बढ़ाने का फैसला नहीं किया है। कुछ कंपनियां बाजार की स्थिति और ग्राहकों की मांग पर संभावित असर का आकलन कर रही हैं।

LG और Bosch ने बढ़ाए AC के दाम

कई प्रमुख कंपनियों की ओर से कीमतों में बढ़ोतरी की जा चुकी है। ब्लू स्टार, गोदरेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स जैसी कंपनियों ने अलग-अलग उत्पाद श्रेणियों में कीमतों में संशोधन किया है।

इस साल तीसरी बार बढ़ सकती हैं कीमतें

कमोडिटी की लागत बढ़ने के कारण यह साल उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। ब्लू स्टार के मैनेजिंग डायरेक्टर बी. त्यागराजन के अनुसार, कंपनी एसी और डीप फ्रीजर की कीमतों में पहले ही 5 से 8 प्रतिशत तक बढ़ोतरी कर चुकी है।

गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के बिजनेस हेड और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट कमल नंदी के मुताबिक, पिछली कीमत समीक्षा के बाद कमोडिटी लागत में करीब 8 से 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ऐसे में अलग-अलग उत्पाद श्रेणियों में 5 से 7 प्रतिशत तक की कीमत बढ़ाना जरूरी हो सकता है।

पुराने स्टॉक से ग्राहकों को मिल सकती है थोड़ी राहत

कीमत बढ़ने के बावजूद बाजार में पुराने रेट वाला स्टॉक कुछ समय तक उपलब्ध रह सकता है। कंपनियों के मुताबिक, डीलर और डिस्ट्रीब्यूटर के पास पहले से खरीदा हुआ माल करीब एक से डेढ़ महीने तक पुराने दाम पर बिक सकता है। इस वजह से कीमत बढ़ने के बाद भी कुछ मॉडलों पर तत्काल पूरा असर दिखाई नहीं देगा।

कॉपर महंगा होने से AC की लागत बढ़ी

एसी की कीमत बढ़ने की सबसे बड़ी वजहों में कॉपर की बढ़ती लागत भी शामिल है। हायर इंडिया के अध्यक्ष एन.एस. सतीश के अनुसार, कंपनी 1 अक्टूबर से एसी के दाम करीब 5 प्रतिशत बढ़ाएगी। वहीं एलईडी टीवी और वॉशिंग मशीन की कीमतों में करीब 2 से 3 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जा सकती है।

दिसंबर-जनवरी में फिर बढ़ सकते हैं दाम

कंपनियों के मुताबिक अगर कच्चे माल की कीमतों में तेजी जारी रहती है तो आने वाले महीनों में एक और कीमत वृद्धि देखने को मिल सकती है। हायर ने भी संकेत दिया है कि लागत दबाव बरकरार रहने पर दिसंबर या जनवरी में कीमतों में दोबारा बदलाव संभव है।

ये भी पढ़ें…

Daikin ने पहले ही बढ़ाए AC के दाम

डाइकिन एयरकंडीशनिंग इंडिया के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर कंवलजीत जावा के अनुसार, कंपनी ने 16 सितंबर से एसी की कीमतों में 8 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी लागू कर दी है।,

Exit mobile version