Site icon Dainik Savera Times

अदाणी एनर्जी बनी एक करोड़ स्मार्ट बिजली मीटर डिलीवर करने वाली पहली भारतीय कंपनी

Adani Energy smart meter milestone

Adani Energy smart meter milestone

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड ने गुरुवार को घोषणा की कि वह भारत की, और संभवतः दुनिया की, पहली कंपनी बन गई है जिसने बिजली वितरण कंपनियों को एक करोड़ स्मार्ट बिजली मीटर की डिलीवरी पूरी कर ली है। कंपनी ने यह भी बताया कि अगला एक करोड़ स्मार्ट मीटर वित्त वर्ष 2027 में डिलीवर किए जाएंगे।

देश की अग्रणी एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विस प्रोवाइडर (एएमआईएसपी) के तौर पर अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड को पांच राज्यों में कुल 2.5 करोड़ स्मार्ट मीटर लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कंपनी के मुताबिक, वह रोजाना करीब 25,000 स्मार्ट मीटर इंस्टॉल कर रही है, जो इस सेक्टर में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा माना जा रहा है।

एईएसएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कंदर्प पटेल ने कहा, “एक करोड़ स्मार्ट मीटर की डिलीवरी और इंस्टॉलेशन हमारी मजबूत कार्य क्षमता और वितरण कंपनियों व उपभोक्ताओं के साथ गहरे जुड़ाव को दिखाता है।”

उन्होंने आगे कहा, “स्मार्ट मीटर सिर्फ उपकरण नहीं हैं, बल्कि ये उपभोक्ताओं को रियल-टाइम में बिजली खपत की जानकारी देते हैं, ग्रिड की विश्वसनीयता बढ़ाते हैं, नुकसान कम करते हैं और बेहतर ऊर्जा प्रबंधन को संभव बनाते हैं। हम भारत के डिजिटल एनर्जी ट्रांसफॉर्मेशन में अहम भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।”

यह उपलब्धि कंपनी के उस लक्ष्य से काफी पहले हासिल हो गई है, जिसके तहत 31 मार्च 2026 तक एक करोड़ स्मार्ट मीटर लगाने की योजना थी। इससे खुदरा बिजली वितरण में डिजिटल बदलाव लाने की एईएसएल की प्रतिबद्धता साफ नजर आती है। ये स्मार्ट मीटर खपत और ग्रिड आधुनिकीकरण के लिए अहम डेटा उपलब्ध कराते हैं और केंद्र सरकार की संशोधित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत देशभर में स्मार्ट मीटरिंग को आगे बढ़ाने में मदद करते हैं।

कंपनी का स्मार्ट मीटर नेटवर्क उपभोक्ताओं को रियल-टाइम जानकारी देता है, बिलिंग में पारदर्शिता बढ़ाता है और बिजली वितरण कंपनियों के संचालन को और मजबूत बनाता है।

अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने बताया कि लोकल डेटा होस्टिंग के लिए उसने अदाणी एस्यासॉफ्ट स्मार्ट सॉल्यूशंस के स्मार्ट मीटरिंग और आईओटी डिवीजन तथा अदाणीकॉनेक्स जैसी सहयोगी कंपनियों के साथ साझेदारी की है। इसके अलावा, समय पर डिलीवरी और लंबे समय तक प्लेटफॉर्म की उपयोगिता बनाए रखने के लिए कंपनी ने बड़े और भरोसेमंद मीटर ब्रांड्स के साथ भी समझौते किए हैं।

कंपनी ने साल 2024 में स्मार्ट मीटरिंग की शुरुआत की थी और करीब 24 महीनों के भीतर यह बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली, जिससे यह देश में सबसे तेज गति से स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी बन गई है।

गौरतलब है कि संशोधित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत भारत का लक्ष्य बिजली वितरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए करीब 25 करोड़ पारंपरिक मीटरों को स्मार्ट मीटरों से बदलने का है।

Exit mobile version