Site icon Dainik Savera Times

Aeroflex ने IPO से 350 करोड़ रुपये जुटाने के लिए किया आवेदन

नई दिल्ली: एयरोफ्लेक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये 350 करोड़ रुपये जुटाने के लिए बाजार नियामक सेबी के पास दस्तावेजों का मसौदा जमा कराया है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) को दिए गए प्रस्ताव के मुताबिक, आईपीओ के तहत 160 करोड़ रुपये मूल्य के नए शेयर बिक्री के लिए जारी किए जाएंगे। इसके अलावा प्रवर्तकों के पास मौजद 1.75 करोड़ शेयरों को भी खुली बिक्री (ओएफएस) के लिए रखा जाएगा। ओएफएस के तहत कंपनी में 92.18 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाली सैट इंडस्ट्रीज लिमिटेड की तरफ से 1.23 करोड़ शेयरों की पेशकश की जाएगी जबकि 6.52 प्रतिशत हिस्सा रखने वाली इटैलिका ग्लोबल 52 लाख शेयरों की बिक्री करेगी। एयरोफ्लेक्स नए शेयरों की बिक्री से जुटाई जाने वाली राशि का इस्तेमाल कर्ज को चुकाने, कार्यशील पूंजी की जरूरतें पूरी करने और सामान्य कंपनी कामकाज में करेगी। मर्चेंट बैंकिंग सूत्रों के मुताबिक, एयरोफ्लेक्स के इस सार्वजनिक निर्गम का आकार करीब 350 करोड़ रुपये रह सकता है। मुंबई स्थित यह कंपनी धातुओं के लचीले होज बनाने के साथ उनकी आपूर्ति 80 से अधिक देशों में करती है। वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी ने एकीकृत परिचालन आय 240.8 करोड़ रुपये रही थी और उसने 27.5 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था।

ये भी पढ़ें : मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने लॉन्च किया ‘जननी’ प्लेटफॉर्म

Exit mobile version