Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

महंगे होने वाले हैं स्मार्टफोन: चिप की कमी के बाद अब इन कारणों से बढ़ेंगी कीमतें

April 30, 2026

महंगे होने वाले हैं स्मार्टफोन: चिप की कमी के बाद अब इन कारणों से बढ़ेंगी कीमतें

नई दिल्ली: अगर आप नया स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो ज्यादा इंतजार करना महंगा पड़ सकता है। पिछले कुछ महीनों से मोबाइल फोन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और आने वाले समय में इनके और महंगे होने की संभावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में बिकने वाले करीब 80 स्मार्टफोन मॉडल्स के दाम पहले ही बढ़ चुके हैं। पहले यह बढ़ोतरी मेमोरी चिप्स की कमी की वजह से हो रही थी, लेकिन अब फोन के दूसरे जरूरी पार्ट्स भी महंगे होने लगे हैं।

क्यों बढ़ रहे हैं दाम?

अब कंपनियों के सामने नई परेशानी आ गई है। जिन कंपोनेंट्स से स्मार्टफोन बनता है, जैसे PCB, कॉपर थिन फिल्म, ग्लास और डिस्प्ले में इस्तेमाल होने वाला मटेरियल उनकी कीमतें बढ़ रही हैं। खासकर फोल्डेबल फोन में इस्तेमाल होने वाले मटेरियल भी महंगे हो गए हैं। इस वजह से कंपनियों की लागत बढ़ रही है और उन्हें फोन के दाम बढ़ाने पड़ सकते हैं।

मेमोरी चिप की कमी ने पहले ही बढ़ा दी थीं कीमतें

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल की वजह से मेमोरी चिप्स की भारी मांग हो गई है। चिप बनाने वाली कंपनियां अब ज्यादा ध्यान AI डेटा सेंटर पर दे रही हैं, जिससे मोबाइल, लैपटॉप और टीवी के लिए चिप्स की कमी हो गई है। इसका असर यह हुआ कि सैमसंग समेत कई कंपनियों ने अपने स्मार्टफोन महंगे कर दिए।

लॉन्च के बाद भी बढ़ रही कीमतें

अब एक नया ट्रेंड भी देखने को मिल रहा है। पहले फोन लॉन्च के बाद सस्ते हो जाते थे, लेकिन अब इसके उलट हो रहा है। OnePlus, Samsung और Vivo जैसी कंपनियां अपने पुराने मॉडल्स की कीमत भी बढ़ा रही हैं। यानी जो फोन पहले सस्ते मिल रहे थे, अब उनके लिए भी ज्यादा पैसे देने पड़ रहे हैं।

आगे क्या होगा?

माना जा रहा है कि इस साल की दूसरी छमाही और अगले साल की शुरुआत तक स्मार्टफोन की कीमतें और बढ़ सकती हैं। ऐसे में अगर आप नया फोन लेने की योजना बना रहे हैं, तो जल्द फैसला लेना फायदेमंद हो सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें