Last Updated: October 28, 2026

Dainik Savera Times Logo

Agro Tech Foods का नाम बदलकर हुआ ‘Sundrop Brands’, Del Monte का करेगी अधिग्रहण

November 14, 2024

Agro Tech Foods का नाम बदलकर हुआ ‘Sundrop Brands’, Del Monte का करेगी अधिग्रहण

Agro Tech Foods Renamed : एग्रो टेक फूड्स ने शेयर अदला-बदली सौदे के जरिये भारती एंटरप्राइजेज से डेल मोंटे फूड्स का अधिग्रहण करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। एग्रो टेक फूड्स के पास एसीटी टू पॉपकॉर्न और सनड्रॉप जैसे ब्रांड का स्वामित्व है।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि एग्रो टेक फूड्स के निदेशक मंडल ने बृहस्पतिवार को हुई बैठक में इस अधिग्रहण को मंजूरी दी। कंपनी का नाम ‘एग्रो टेक फूड्स लिमिटेड’ से बदलकर ‘सनड्रॉप ब्रांड्स लिमिटेड’ करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

एग्रो टेक फूड्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं कार्यकारी निदेशक आशीष कुमार शर्मा ने कहा, ‘‘ हम सनड्रॉप ब्रांड परिवार में डेल मोंटे फूड्स का स्वागत करते हुए खुश हैं। यह साझेदारी आधुनिक उपभोक्ताओं को बेहतर खाद्य अनुभव प्रदान करने के हमारे उन्नत दृष्टिकोण के साथ पूरी तरह से मेल खाती है।

सौदे के तहत एग्रो टेक फूड्स कंपनी के 1.33 करोड़ शेयर भारती एंटरप्राइजेज को जारी करेगी, जिससे यह दूसरी सबसे बड़ी शेयरधारक बन जाएगी। एग्रो टेक फूड्स 10 रुपये अंकित मूल्य पर 1.33 करोड़ पूर्ण चुकता शेयर जारी करेगी, जिसकी कीमत 975.5 रुपये प्रति शेयर होगी। इसमें 965.5 रुपये प्रति शेयर का प्रीमियम शामिल है।

डीएमएफपीएल, भारती एंटरप्राइजेज और डीएमपीएल के बीच एक संयुक्त उद्यम है, जिसके पास 59.29 प्रतिशत हिस्सेदारी है तथा शेष 40.71 प्रतिशत हिस्सेदारी डीएमपीएल इंडिया के पास है। यह डेल मोंटे पैसिफिक की अनुषंगी की अनुषंगी इकाई है। भारती एंटरप्राइजेज के संयुक्त प्रबंध निदेशक हरजीत कोहली ने कहा,भारती को एटीएफएल और डीएमएफपीएल के संयोजन की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है, जिससे भारती इस संयुक्त मंच में दूसरी सबसे बड़ी शेयरधारक बन जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें