Site icon Dainik Savera Times

एअर इंडिया ने वरिष्ठ पदों पर नियुक्तियों की घोषणा की, क्लॉस गोएर्श मुख्य परिचालन अधिकारी नियुक्त

मुंबई: विमानन कंपनी एअर इंडिया ने कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं मुख्य परिचालन अधिकारी के रूप में क्लॉस गोएर्श की नियुक्ति के साथ-साथ कई अन्य वरिष्ठ पदों पर नियुक्तियों की शुक्रवार को घोषणा की। एयरलाइन में नवसृजित पद पर गोएर्श का काम उड़ान संचालन, इंजीनियंिरग, ग्राउंड संचालन, एकीकृत संचालन नियंत्रण तथा चालक दल के सदस्यों के कार्यों की देखरेख करना होगा। एअर इंडिया ने कहा कि मौजूदा परिचालन प्रमुख आर. एस. संधू सलाहकार की भूमिका में एयरलाइन के साथ बने रहेंगे।

विमानन कंपनी की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संधू इस नई भूमिका में टाटा की चार एयरलाइंस की परिचालन प्रक्रियाओं के सामंजस्य, एयरबस ए350 सेवा में प्रवेश कार्यक्रम और वाहक की नई प्रशिक्षण अकादमी की स्थापना करने वाले दल की सहायता करेंगे। लाइसेंस धारक बी 777/787 पायलट ने ब्रिटिश एयरवेज और एयर कनाडा दोनों में समान पदों पर सेवाएं दी हैं। एअर इंडिया ने मनीष उप्पल को उड़ान संचालन के लिए वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में नियुक्त करने की भी घोषणा की है। वहीं आपातकालीन प्रतिक्रिया को शामिल करने के लिए हेनरी डोनोहो की कॉर्पोरेट सुरक्षा, सुरक्षा और गुणवत्ता भूमिका का विस्तार किया जाएगा। उनका पदनाम बदलकर वरिष्ठ उपाध्यक्ष कर दिया जाएगा।

विज्ञप्ति के अनुसार, विमान में उत्पाद तथा सेवा का कार्य अब राजेश डोगरा के ग्राहक अनुभव खंड को सौंपा जाएगा। पंकज हांडा ग्राउंड आपरेशंस का नेतृत्व करेंगे, चुराह सिंह इंटीग्रेटेड आपरेशंस कंट्रोल सेंटर के डिवीजनल उपाध्यक्ष होंगे और जूली एनजी चालक दल के सदस्यों के लिए डिवीजनल उपाध्यक्ष होंगी।
गोएर्श, डोगरा और डोनोहो एअर इंडिया के प्रबंध निदेशक तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन के अधीन काम करेंगे। प्रबंधन समिति के मौजूदा सदस्य निपुण अग्रवाल, सत्य रामास्वामी, सुरेश दत्त त्रिपाठी और विनोद हेजमादी भी विल्सन के अधीन काम करेंगे। इनकी सेवाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

हांडा, सिंह और जूली के अलावा उप्पल तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंजीनियंिरग सिसिरा कांता दाश गोएर्श के अधीन काम करेंगे। विल्सन ने कहा, ‘‘ये बदलाव उत्तराधिकार के प्रबंधन, संगठन को सुव्यवस्थित करने, टाटा एयरलाइन समूह के भीतर प्रतिभा को अनुकूलित करने और इसे भविष्य के विकास और सफलता के लिए मजबूती से स्थापित करने की दृष्टि से किए गए हैं।’’ टाटा समूह घाटे में चल रही एअर इंडिया का नियंत्रण पिछले साल जनवरी में अपने हाथ में लेने के बाद से एयरलाइन कारोबार को मजबूत करने में जुटा है।

ये भी पढ़ें : Delhi Fire: विवेक विहार के 4 मंजिला ईमारत में लगी भीषण आग, 9 लोगों की मौत

Exit mobile version