
नई दिल्ली : चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में हवाई यात्री सेवाओं में 32% की मुद्रास्फीति दर्ज की गई। सोमवार को 7 प्रमुख सेवाओं के लिए मुद्रास्फीति के आंकड़े जारी किए गए, जिनमें यह मूल्य वृद्धि की सबसे ऊंची दर है। सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के लिए 7 प्रमुख सेवाओं बैंकिंग, प्रतिभूति लेनदेन, बीमा, पैंशन कोष प्रबंधन, रेलवे, हवाई यात्रा (यात्री) और दूरसंचार के अस्थायी सेवा उत्पादक मूल्य सूचकांक (सेवा पीपीआई) जारी किए, जिसका आधार वर्ष 2022-23 है।
इन आंकड़ों में वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही के लिए सेवा पीपीआई मुद्रास्फीति के अंतिम अनुमान भी शामिल हैं। सेवा पीपीआई किसी सेवा के उत्पादन पर उत्पादकों द्वारा प्राप्त औसत मूल्यों में होने वाले बदलाव को मापता है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, हवाई (यात्री) सेवा मूल्य सूचकांक में वार्षिक आधार पर 31.94% की वृद्धि हुई। चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में रेलवे यात्री सेवा मूल्य सूचकांक में वार्षिक मुद्रास्फीति 3.50% बढ़ी, जो वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही के समान है।
बैंकिंग सेवा अंशदान क्षेत्र में मुद्रास्फीति वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 6.90% रही, जो वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 3.30% थी। बैंकिंग सेवा मूल्य सूचकांक और प्रतिभूति लेनदेन सेवा मूल्य सूचकांक में जून तिमाही के दौरान क्रमशः 3.35 और 1.32% की अवस्फीति दर्ज की गई। पिछली मार्च तिमाही में इनमें क्रमशः 4.10% और 0.55% की मुद्रास्फीति रही थी।