देश की बड़ी टेलीकॉम कंपनियों में शामिल भारती एयरटेल ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) के नतीजे जारी किए। इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 55 प्रतिशत गिरकर 6,630.5 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में एयरटेल ने 14,781.2 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था।
मुनाफे में आई इस बड़ी गिरावट की मुख्य वजह पिछले साल का ऊंचा बेस बताया गया है। दरअसल, वित्त वर्ष 2023-24 की दिसंबर तिमाही में कंपनी को 7,545.6 करोड़ रुपये का असाधारण लाभ मिला था। इसके अलावा नए लेबर कोड के चलते 256.8 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च भी मुनाफे पर असर डालता दिखा।
तिमाही आधार पर भी मुनाफे में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। सितंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा 6,791.7 करोड़ रुपये था, जो दिसंबर तिमाही में 2.3 प्रतिशत कम हो गया।
हालांकि, कंपनी की आय में मजबूत बढ़त देखने को मिली है। वित्त वर्ष 26 की दिसंबर तिमाही में एयरटेल की कुल आय 54,683.9 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान अवधि में 45,599 करोड़ रुपये थी। इस तरह सालाना आधार पर आय में करीब 19.92 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
इस तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 23,198.8 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल दिसंबर तिमाही में यह 20,532.7 करोड़ रुपये था। यानी खर्च में सालाना आधार पर करीब 12.98 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
एयरटेल ने बताया कि दिसंबर तिमाही में औसत आय प्रति उपयोगकर्ता (ARPU) बढ़कर 259 रुपये हो गई है। सितंबर तिमाही में यह 256 रुपये और दिसंबर 2024 में 245 रुपये थी, जो ग्राहकों से बेहतर रेवेन्यू ट्रेंड को दर्शाता है।
डेटा इस्तेमाल के मोर्चे पर भी कंपनी ने अच्छी बढ़त दर्ज की। दिसंबर तिमाही में एयरटेल नेटवर्क पर कुल 26,056 मिलियन जीबी डेटा का उपयोग हुआ। यह आंकड़ा सितंबर तिमाही के 24,446 मिलियन जीबी के मुकाबले 6.6 प्रतिशत और पिछले साल दिसंबर तिमाही के 20,174 मिलियन जीबी के मुकाबले 29.2 प्रतिशत अधिक है।
प्रति उपयोगकर्ता डेटा खपत भी बढ़कर 29.8 जीबी प्रति माह हो गई। यह सितंबर तिमाही के 28.3 जीबी से करीब 5 प्रतिशत और पिछले साल दिसंबर तिमाही के 24.5 जीबी के मुकाबले 21.5 प्रतिशत ज्यादा है।
वहीं, कर्मचारियों की संख्या में कमी देखी गई है। वित्त वर्ष 26 की दिसंबर तिमाही में एयरटेल में कुल 24,186 कर्मचारी कार्यरत थे, जो सितंबर तिमाही से 205 और वित्त वर्ष 25 की दिसंबर तिमाही से 340 कम है।

