Last Updated: October 31, 2026

Dainik Savera Times Logo

Delhi Airport T-1 हादसे के बाद सभी डिपार्चर उड़ानें हुई निलंबित, घर से निकलने से पहले पढें ये खबर

June 28, 2024

Delhi Airport T-1 हादसे के बाद सभी डिपार्चर उड़ानें हुई निलंबित, घर से निकलने से पहले पढें ये खबर

नई दिल्ली: देश की राजधानी में आज सुबह हुई भारी बारिश के बीच दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 पर छत का हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया जिसमें एक शख्स की मौत हो गई।दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा शुक्रवार तड़के ढह जाने के बाद यहां से विमानों का प्रस्थान अगले नोटिस तक स्थगित कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के बीच शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के ‘टर्मिनल-1’ की छत का एक हिस्सा वाहनों पर गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए।

नागर विमानन मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि भारी बारिश के कारण दिल्ली के हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 की छत का हिस्सा ढह गया है। मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इसके परिणामस्वरूप टर्मिनल-1 से आने-जाने वाली उड़ानों का परिचालन अगले नोटिस तक रोक दिया गया है। उड़ानों के सुचारू संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।’’ सूत्रों ने बताया कि टर्मिनल-1 से उड़ानों का प्रस्थान दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दिया गया है। टर्मिनल-1 पर केवल ‘इंडिगो’ और ‘स्पाइसजेट’ विमानन कंपनियों की घरेलू उड़ानें संचालित होती हैं।

हवाई अड्डे पर तीन टर्मिनल – टी-1, टी-2 और टी-3 हैं, जो प्रतिदिन लगभग 1,400 उड़ानों का संचालन करते हैं। सूत्रों ने बताया कि छत का हिस्सा गिरने की घटना के तुरंत बाद उड़ानों का प्रस्थान स्थगित कर दिया गया। हालांकि, जो यात्री पहले से ही टर्मिनल के अंदर थे, वे अपनी उड़ानों में सवार हो गए। सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे प्रस्थान पूरी तरह से स्थगित कर दिया गया। ‘दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड’ (डायल) के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘आज सुबह से जारी भारी बारिश के कारण दिल्ली में हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 के पुराने प्रस्थान प्रांगण में छत का एक हिस्सा तड़के करीब पांच बजे गिर गया।

इस घटना में कुछ लोगों के घायल होने की खबर है और आपातकालीन कर्मी प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता और चिकित्सकीय मदद प्रदान कर रहे हैं।’’प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना के कारण टर्मिनल-1 से सभी विमानों का प्रस्थान अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ‘चेक-इन काउंटर’ बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम इस व्यवधान के लिए खेद व्यक्त करते हैं तथा इससे हुई किसी भी असुविधा के लिए क्षमा चाहते हैं।’’ डायल, राष्ट्रीय राजधानी में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) का संचालक है, जिसका नेतृत्व जीएमआर समूह करता है। सूत्रों ने बताया कि टर्मिनल-1 की जिस छत का हिस्सा गिरा है, उसका निर्माण 2008-09 में हुआ था।

इस काम को जीएमआर ने निजी ठेकेदारों को ठेके पर दिया था। इंडिगो विमानन कंपनी के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि मौसम की प्रतिकूल स्थिति के कारण टी-1 पर उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, ‘‘इससे दिल्ली में उड़ानें रद्द हो गई हैं क्योंकि यात्री टर्मिनल में प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं। टर्मिनल के अंदर पहले से मौजूद यात्री अपनी नियोजित उड़ानों में सवार हो सकेंगे, लेकिन जिन यात्रियों को दिन में (अन्य समय पर) उड़ानों में सवार होना था, उन्हें अन्य विकल्प दिए जाएंगे।’’ एयरलाइन ने कहा, ‘‘यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति पर नजर रखें।’’स्पाइसजेट विमानन कंपनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उड़ानें रद्द कर दी गई हैं क्योंकि टी-1 अगले नोटिस तक संचालन के लिए आंशिक रूप से बंद रहेगा।

ये भी पढ़ें: व्यापार-निवेश बढ़ाने को एसोचैम और भारत-न्यूजीलैंड व्यापार परिषद में समझौता 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें