
नई दिल्ली: भारत में अपने कारोबार को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए, ई-कॉमर्स क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अमेजन इंडिया ने गुरुवार को घोषणा की कि वह 2025 तक देश में ₹2,000 करोड़ से अधिक का निवेश करेगी। इस निवेश का उद्देश्य अमेजन के ऑपरेशनल नेटवर्क का विस्तार और आधुनिकीकरण करना है, जिससे ग्राहकों को पहले से कहीं बेहतर, तेज़ और विश्वसनीय सेवाएं मिल सकेंगी।
अमेज़न की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह निवेश न केवल कंपनी के भौतिक नेटवर्क को मजबूत करेगा, बल्कि तकनीकी नवाचार और डिजिटल समाधानों को भी बढ़ावा देगा। इससे अमेज़न के कर्मचारियों, डिलीवरी पार्टनर्स और आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य सहयोगियों के अनुभव को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
-सप्लाई चेन को मिलेगा नया बल
कंपनी ने यह स्पष्ट किया है कि यह नया निवेश पहले से जारी नेटवर्क विकास योजनाओं से अतिरिक्त होगा, और इसका लाभ देश के कोने-कोने तक सेवा पहुंचाने की अमेज़न की क्षमता को बढ़ाने में मिलेगा। कंपनी का लक्ष्य है कि भारत के सभी सेवा योग्य क्षेत्रों तक अपनी पहुँच बनाई जाए।
-सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी फोकस
अमेज़न ने अपने डिलीवरी सहयोगियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दी है। कंपनी आधुनिक तकनीकों की मदद से सड़क सुरक्षा उपायों को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसके साथ ही हाल ही में कंपनी ने एक राष्ट्रव्यापी स्वास्थ्य पहल की शुरुआत की है, जिसके तहत 2025 के अंत तक 80,000 से अधिक सप्लाई पार्टनर्स को निःशुल्क मेडिकल जांच उपलब्ध कराई जाएगी।
-कंपनी नेतृत्व की प्रतिक्रिया
अमेज़न इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के संचालन उपाध्यक्ष अभिनव सिंह ने कहा, “हमारा यह निवेश भारत में ई-कॉमर्स के भविष्य में हमारे भरोसे को दर्शाता है। हमारा उद्देश्य है कि हम अपने ग्राहकों को बेहतर सेवा दें, और साथ ही अपने पार्टनर्स तथा सहयोगियों के लिए भी एक सुरक्षित और सहयोगात्मक माहौल तैयार करें।”
ये भी पढ़ें : पीएम मोदी का जलवा कायम, ट्रंप को पीछे छोड़ फिर से बने दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता