Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Ambuja Cement का June तिमाही का मुनाफा 31.2 प्रतिशत बढ़कर 1,135.46 करोड़ रुपये पर

August 2, 2023

Ambuja Cement का June तिमाही का मुनाफा 31.2 प्रतिशत बढ़कर 1,135.46 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली: अंबुजा सीमेंट्स का एकीकृत शुद्ध लाभ 30 जून 2023 को समाप्त तिमाही में 31.2 प्रतिशत बढक़र 1,135.46 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में यह जानकारी देते हुए कहा कि बिक्री बढ़ने और परिचालन लागत घटने की वजह से उसका मुनाफा बढ़ा है। अंबुजा सीमेंट्स अब अडाणी समूह का हिस्सा है। कंपनी ने पिछले साल की अप्रैल-जून तिमाही में 865.44 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का एकीकृत परिचालन राजस्व 8.46 प्रतिशत बढक़र 8,712.90 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 8,032.88 करोड़ रुपये था।

अंबुजा सीमेंट्स के बयान में कहा, ‘‘बिक्री बढ़ने और दक्षता के मानकों पर सुधार से उसका मुनाफा बढ़ा है।’’ अंबुजा सीमेंट्स के एकीकृत नतीजों में उसकी अनुषंगी एसीसी लिमिटेड का वित्तीय प्रदर्शन भी शामिल है। एसीसी में अंबुजा सीमेंट्स की हिस्सेदारी लगभग 51 प्रतिशत है। पहली तिमाही में अंबुजा सीमेंट्स का कुल खर्च 2.6 प्रतिशत बढक़र 7,469.74 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 7,280.45 करोड़ रुपये था। जून तिमाही में कंपनी का कुल एकीकृत राजस्व 9.87 प्रतिशत बढक़र 8,976.14 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

हालांकि, एकल आधार पर तिमाही के दौरान अंबुजा सीमेंट्स का शुद्ध लाभ 38.51 प्रतिशत घटकर 644.88 करोड़ रुपये पर आ गया, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 1,048.78 करोड़ रुपये था। एकल आधार पर कंपनी का परिचालन राजस्व 18.29 प्रतिशत बढक़र 4,729.71 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 3,998.26 करोड़ रुपये था।

ये भी पढ़ें : VIDEO: बल्लेबाजी के दौरान Tilak Varma के कलाई में लगी गेंद, टूट गया फिटनेस बैंड, बीच मैदान में मचा हड़कंप

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें