Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

DOT का नाम लेकर मोबाइल नंबर बंद करने की धमकी भरे कॉल से सतर्कत रहने की अपील

March 29, 2024

DOT का नाम लेकर मोबाइल नंबर बंद करने की धमकी भरे कॉल से सतर्कत रहने की अपील

नयी दिल्ली: विदेशी मोबाइल नंबर से कॉल करके मोबाइल नंबर बंद करने के धमकी भरे कॉल पर संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने परामर्श जारी करते हुये आज कहा कि विभाग अपनी ओर से किसी को भी ऐसी कॉल करने के लिए अधिकृत नहीं करता है और उसने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है तथा ऐसी कॉल प्राप्त होने पर कोई भी जानकारी साझा नहीं करने की अपील की है।

डीओटी ने आज यहां जारी परामर्श में कहा कि लोगों को ऐसे कॉल आ रहे हैं, जिनमें कॉल करने वाले व्यक्ति डीओटी का नाम लेकर उसके सभी मोबाइल नंबर काट देने या उनके मोबाइल नंबर का कुछ अवैध गतिविधियों में दुरुपयोग होने की धमकी दे रहे हैं। डीओटी ने विदेशी मोबाइल नंबरों से फर्जी सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को ठगने वाले व्हाट्सएप कॉल के बारे में भी परामर्श जारी किया है।

साइबर अपराधी ऐसी कॉलों के माध्यम से साइबर-अपराध/वित्तीय धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए धमकी देने/व्यक्तिगत जानकारी चुराने की कोशिश करते हैं। डीओटी ने नागरिकों को संचार साथी पोर्टल की ‘चक्षु-रिपोर्ट संदिग्ध धोखाधड़ी संचार’ सुविधा पर ऐसे धोखाधड़ी वाले संदेशों की रिपोर्ट करने का परामर्श दिया है। सक्रियता के साथ इसकी रिपोर्ट किए जाने से दूरसंचार विभाग को साइबर अपराध, वित्तीय धोखाधड़ी आदि के लिए दूरसंचार संसाधनों के दुरुपयोग को रोकने में मदद मिलती है।

इसके अलावा, संचार साथी पोर्टल की ‘नो योर मोबाइल कनेक्शंस’ सुविधा पर नागरिक अपने नाम पर जारी मोबाइल कनेक्शनों की जांच कर सकते हैं और ऐसे किसी भी मोबाइल कनेक्शन की रिपोर्ट कर सकते हैं, जो उन्होंने नहीं लिया है या जिसकी उन्हें आवश्यकता नहीं है। डीओटी ने पहले से ही साइबर अपराध या वित्तीय धोखाधड़ी के शिकार हो चुके नागरिकों को भी साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर अपराध वेबसाइट पर रिपोर्ट करने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें : अब तक 2,922 नाविक सुरक्षित लौटे, खाड़ी में भारतीय ध्वज वाले जहाज पूरी तरह सुरक्षित: सरकार

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें