Last Updated: September 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत में विस्तार जारी, एप्पल 26 फरवरी को लॉन्च करेगा अपना छठा रिटेल स्टोर

February 13, 2026

भारत में विस्तार जारी, एप्पल 26 फरवरी को लॉन्च करेगा अपना छठा रिटेल स्टोर

अमेरिकी टेक कंपनी Apple 26 फरवरी को भारत में अपना छठा रिटेल स्टोर खोलने जा रही है। नया स्टोर मुंबई के बोरीवली इलाके में होगा और यह शहर में कंपनी का दूसरा स्टोर बनेगा। भारत में कंपनी का कारोबार और मैन्युफैक्चरिंग दोनों तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में रिटेल विस्तार को अहम कदम माना जा रहा है।

कंपनी के मुताबिक, नए स्टोर का डिजाइन ‘मोर’ थीम से प्रेरित है। इसी तरह का डिजाइन पहले बेंगलुरु के हेब्बल, पुणे के कोरेगांव पार्क और नोएडा के स्टोर्स में भी देखा गया है। यह कॉन्सेप्ट आत्मविश्वास, रचनात्मकता और आधुनिक सोच को दर्शाता है।

एप्पल बोरीवली स्टोर 26 फरवरी को दोपहर 1 बजे आम ग्राहकों के लिए खोला जाएगा। यहां ग्राहक कंपनी के नए प्रोडक्ट देख और खरीद सकेंगे, साथ ही विशेषज्ञों से सीधे सलाह भी ले सकेंगे। स्टोर को खास तौर पर स्टार्टअप और बिजनेस कम्युनिटी के लिए भी उपयोगी बताया गया है।

स्टोर में स्पेशलिस्ट, क्रिएटिव और जीनियस टीम के सदस्य मौजूद रहेंगे। ग्राहक ‘Today at Apple’ नाम के मुफ्त सत्रों में हिस्सा ले सकेंगे, जहां वे अपने डिवाइस का बेहतर इस्तेमाल सीख सकते हैं और नई क्रिएटिव स्किल्स विकसित कर सकते हैं।

हाल ही में कंपनी के सीईओ Tim Cook ने अर्निंग्स कॉल के दौरान बताया कि अक्टूबर से दिसंबर तिमाही में भारत में रिकॉर्ड राजस्व दर्ज किया गया। उनके अनुसार, भारत जैसे उभरते बाजारों में कंपनी ने दोहरे अंकों की मजबूत वृद्धि हासिल की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक 2025 में भारत में आईफोन की बिक्री में 24 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि आईपैड की बिक्री में 2 प्रतिशत की हल्की वृद्धि दर्ज की गई। iPhone 16 सीरीज कंपनी के लिए सबसे सफल रही और कुल आईफोन बिक्री में 57 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ साल की सबसे ज्यादा बिकने वाली सीरीज बनी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें