Dainik Savera Times

बाढ़ राहत कार्य में सेना का नया साथी बना ATOR N1200, जानिए क्या है इस वाहन की खासियत…

ATOR N1200 : देशभर में मानसून की बारिश ने भारी तबाही मचाई है। बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और असम समेत कई राज्यों में बाढ़ से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात को देखते हुए सेना राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई है। पंजाब के अमृतसर में सेना ने बाढ़ प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एक नए वाहन ATOR N1200 स्पेशलिस्ट मोबिलिटी व्हीकल (SMV) का इस्तेमाल शुरू किया है। जानिए क्या है इस वाहन की खासियत…

क्या है ATOR N1200 की खासियत?

ATOR N1200 भारतीय सेना का नया ऑल-टेरेन एम्फीबियस वाहन है, जिसे कठिन परिस्थितियों में काम करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह कीचड़, दलदली इलाके, पानी, रेत, बर्फ, पहाड़ और जंगलों में आसानी से चल सकता है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह न सिर्फ जमीन पर बल्कि पानी में भी चल सकता है।

वाहन के टायर बाढ़ जैसे हालात में ट्यूब और पैडल की तरह काम करते हैं। इसका निर्माण चंडीगढ़ में हो रहा है। वाहन की लंबाई 3.98 मीटर, चौड़ाई 2.57 मीटर और ऊँचाई 2.84 मीटर है। यह ज़मीन पर 40 किमी/घंटा और पानी में 6 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकता है।

भार वहन क्षमता और टिकाऊपन

छोटे आकार के बावजूद यह वाहन 1200 किलोग्राम तक भार ढो सकता है। इसमें 9 लोग (8 यात्री और 1 चालक) बैठ सकते हैं। इतना ही नहीं, यह 2350 किलोग्राम तक सामान भी खींच सकता है। इसके मजबूत स्टील फ्रेम और जंग-रोधी कोटिंग की वजह से इसकी उम्र 30 साल तक मानी जाती है। जरूरत पड़ने पर इसे बुलेटप्रूफ कवच से भी लैस किया जा सकता है।

इंजन और पावर

ATOR N1200 में 1.5 लीटर डीजल इंजन है, जो 55 बीएचपी पावर और 190 एनएम टॉर्क देता है। इसमें 232 लीटर का फ्यूल टैंक है, जिससे यह करीब 61 घंटे तक लगातार काम कर सकता है।

कंपनी और ऑर्डर

इस वाहन का निर्माण JSW गेको मोटर्स ने किया है। इसकी कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये है। रक्षा मंत्रालय ने 250 करोड़ रुपये में 96 वाहनों का ऑर्डर दिया है। इसे पहली बार 2024 के गणतंत्र दिवस परेड में प्रदर्शित किया गया था और अब यह राहत कार्यों में अपनी क्षमता साबित कर रहा है। बता दें कि ATOR N1200 -40 डिग्री से 45 डिग्री तापमान तक काम करने में सक्षम है। बर्फीले पहाड़ों से लेकर बाढ़ग्रस्त मैदानों और रेगिस्तानी इलाकों तक, यह वाहन हर परिस्थिति में सैनिकों का भरोसेमंद साथी बन रहा है।

Exit mobile version