Site icon Dainik Savera Times

Avon Cycles बनी भारत की नंबर-1 साइकिल निर्यातक कंपनी

लुधियाना : एवन साइकिल्स ने अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बड़ी उपलब्धि हासिल करते निर्यात के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के पहले 6 महीनों में 130 करोड़ का निर्यात दर्ज किया है, जो उसका अब तक का सर्वाधिक 6 माह का निर्यात प्रदर्शन है। कंपनी के अनुसार, यह आंकड़ा वित्त वर्ष 2025-26 के पूरे साल के निर्यात से भी अधिक है।

अपनी इस उपलब्धि के साथ कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 में 250 करोड़ के निर्यात का लक्ष्य निर्धारित किया है, जबकि वर्ष 2030 तक निर्यात कारोबार को 500 करोड़ तक पहुंचाने की योजना है। अपनी स्थापना के 75वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी एवन साइकिल्स के लिए यह उपलब्धि वैश्विक बाजार में विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

लुधियाना से शुरू हुआ कंपनी का सफर अब विकसित और उभरते अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच रहा है। यूरोप व अमरीका में बढ़ती मांग कंपनी के निर्यात कारोबार को गति दे रही है। कंपनी के कुल निर्यात राजस्व में इन दोनों बाजारों की हिस्सेदारी लगभग 70 प्रतिशत है, जबकि शेष निर्यात अफ्रीका और मध्य पूर्व के बाजारों में किया जा रहा है। इस यूनिट की मौजूदा उत्पादन क्षमता लगभग 50,000 साइकिल प्रतिमाह है।

फरवरी 2027 से इसे बढ़ाकर एक लाख साइकिल प्रतिमाह करने की योजना है। एवन साइकिल्स के एमडी ऋषि पाहवा ने कहा कि कंपनी केवल उत्पादन क्षमता बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक मशीनरी, बेहतर विनिर्माण सुविधाओं और इन-हाउस टेस्टिंग क्षमताओं में भी निवेश कर रही है। गुणवत्ता उसके लिए केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि काम करने का मूल सिद्धांत है।

Exit mobile version