नयी दिल्ली : बजाज फिनसर्व लिमिटेड (बीएफएल) का मार्च, 2023 में समाप्त बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही का एकीकृत शुद्ध लाभ 31 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,769 करोड़ रुपये रहा है। 2021-22 की जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी को 1,346 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। बजाज समूह की विभिन्न वित्तीय सेवा कारोबार की होल्डिंग कंपनी बीएफएल ने शेयर बाजारों को सूचित किया कि मार्च तिमाही में उसकी कुल एकीकृत आय बढक़र 23,625 करोड़ रुपये हो गई है जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 18,862 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के निदेशक मंडल ने एक रुपये अंकित मूल्य के शेयर पर 80 पैसे प्रति शेयर के लाभांश की सिफारिश की है। पूरे वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी का मुनाफा 41 प्रतिशत बढक़र 6,417 करोड़ रुपये हो गया जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 4,557 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष में कंपनी की कुल एकीकृत आय 68,439 करोड़ रुपये से बढक़र 82,072 करोड़ रुपये हो गई। बीते वित्त वर्ष में कंपनी की साधारण बीमा इकाई का लाभ बढक़र 1,348 करोड़ रुपये हो गया जो इसके पिछले वित्त वर्ष में 1,339 करोड़ रुपये था।
ये भी पढ़ें : गहने दान करने के नाम पर ले उड़े आभूषण
