Last Updated: November 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, ज्वैलर्स बोले- शादी के सीजन में खरीदारी का शानदार मौका

November 20, 2026

सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, ज्वैलर्स बोले- शादी के सीजन में खरीदारी का शानदार मौका

राजकोट/नई दिल्ली: पिछले कुछ महीनों में सोने और चांदी की कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने ज्वेलरी बाजार में खरीदारों की दिलचस्पी बढ़ा दी है। खासकर शादी-विवाह के सीजन से पहले सोने के दाम करीब 50,000 रुपए प्रति 10 ग्राम तक टूटने से ग्राहक खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। ज्वैलर्स का कहना है कि मौजूदा स्तर लंबे समय बाद खरीदारों को मिला एक बड़ा अवसर है।

राजकोट के राधिका ज्वेलर्स के संचालक मुकेश भाई ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट का मुख्य कारण घरेलू नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार है। उन्होंने कहा, “भारत अपनी जरूरत का अधिकांश सोना और चांदी आयात करता है, इसलिए वैश्विक कीमतों में उतार-चढ़ाव का सीधा असर भारतीय बाजार पर पड़ता है। जिस तरह अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी के दौरान कीमतें बढ़ी थीं, उसी तरह अब गिरावट भी वहीं से प्रभावित होकर आई है।”

उन्होंने कहा कि बाजार को इतनी बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि पिछले साल दिवाली के समय सोने का भाव करीब 1.50 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास था, जबकि अब कुछ श्रेणियों में यह घटकर करीब 1.15 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक आ गया है। ऐसे में जनवरी-फरवरी के शादी सीजन की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए यह एक “गोल्डन अपॉर्च्युनिटी” है। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्तर पर खरीदारी करने वालों को अच्छा फायदा मिल सकता है।

भविष्य की कीमतों पर राय देते हुए मुकेश भाई ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि सोने में अब बहुत बड़ी गिरावट की गुंजाइश बची है। उन्होंने कहा कि बाजार शायद अपने निचले स्तर के करीब पहुंच चुका है और यहां से यदि गिरावट आती भी है तो वह 2 से 5 प्रतिशत तक सीमित रह सकती है।

वहीं, चांदी के बारे में उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इसके भाव फिर लगभग उसी दायरे में लौट आए हैं। उन्होंने कहा, “चांदी में पहले आई तेज तेजी के बाद करेक्शन आना स्वाभाविक था। मौजूदा स्तर चांदी का अधिक वास्तविक मूल्य दर्शाता है और आगे की दिशा ऊपर की ओर रहने की संभावना ज्यादा है।”

वहीं ज्वेलरी खरीदने पहुंचीं ग्राहक जोशी सीमा बेन ने आईएएनएस से कहा कि उनके बेटे की शादी है और वह गहनों की खरीदारी करने आई हैं। उन्होंने कहा कि सोने के दाम में आई गिरावट उनके लिए अतिरिक्त खुशी की बात है। उन्होंने कहा, “शादी के मौसम में कीमतों का कम होना खरीदारों के लिए बड़ी राहत है और यदि भाव इसी तरह अनुकूल रहे तो वह आगे भी खरीदारी करेंगी।”

इस बीच, शुक्रवार को एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाले सोने में 3.7 प्रतिशत यानी 4,770 रुपए की गिरावट दर्ज की गई, और यह 1,22,681 रुपए प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया। वहीं, एमसीएक्स पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी में सोने से ज्यादा गिरावट देखने को मिली और यह 5 प्रतिशत से ज्यादा यानी 8000 रुपए से ज्यादा गिरकर 1,49,475 रुपए प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता नजर आया। दिन के कारोबार में सोने ने 1,21,424 रुपए का निम्नतम स्तर छुआ, जबकि चांदी ने 1,46,868 रुपए का इंट्रा-डे लो छुआ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें