Site icon Dainik Savera Times

मजबूत वैश्विक रुझानों के बीच शुरुआती कारोबार में तेजी… जानिए क्या हैं इन बड़ी कंपनियों के हाल 

मुंबई: वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख और विदेशी निवेशकों के लिवाल रहने से बुधवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू बाजारों में तेजी रही। कच्चे तेल की नरम होती कीमतों से भी बाजार को संभलने में मदद मिली। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 193.64 अंक चढक़र 64,765.52 पर पहुंच गया।

निफ्टी 54.55 अंक बढक़र 19,336.30 पर रहा। सेंसेक्स की कंपनियों में जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, कोटक महिंद्रा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर लाभ में रहे। इंफोसिस, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और टाइटन के शेयरों में गिरावट आई। अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग फायदे में रहे।

वहीं दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहा। अमेरिकी बाजार मंगलवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 88.13 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 252.25 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।

ये भी पढ़ें: 76 दिनों बाद अमेरिका में खत्म हुआ शटडाउन, फंडिंग बिल पर संसद में बनी सहमति
Exit mobile version