Budget 2026: आज 1 फरवरी 2026 को देश की आर्थिक दिशा तय करने वाला सबसे महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन संसद में केंद्रीय बजट पेश किया जाता है, जिसमें सरकार की आय-व्यय योजनाओं के साथ-साथ आने वाले सालों की आर्थिक प्राथमिकताएं सामने रखी जाती हैं। आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में अपना लगातार नौवां केंद्रीय बजट पेश करेंगी।
बजट से पहले निभाई जाने वाली परंपरा
दरअसल बजट पेश होने से पहले एक खास परंपरा निभाई जाती है, जो भारतीय संस्कृति की शुभ मान्यताओं से जुड़ी है। बजट वाले दिन वित्त मंत्री अपनी टीम के साथ राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति से मुलाकात करती हैं। इस दौरान राष्ट्रपति वित्त मंत्री को दही-चीनी खिलाते हैं।
भारतीय परंपरा में दही और चीनी को शुभ, मंगल और सफलता का प्रतीक माना जाता है। किसी भी बड़े और अहम काम से पहले इसे ग्रहण करना अच्छे शगुन के रूप में देखा जाता है। इसी विश्वास के साथ बजट प्रस्तुति से पहले यह रस्म निभाई जाती है और देश के आर्थिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी जाती हैं।
बजट पेश करने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड
आज का बजट निर्मला सीतारमण के लिए भी खास है, क्योंकि यह उनका नौवां बजट होगा। इस मामले में वह पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगी, जिन्होंने कुल 9 बार बजट पेश किया था।
अब तक सबसे ज्यादा बजट पेश करने का रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के नाम है। उन्होंने वित्त मंत्री रहते हुए कुल 10 बार बजट पेश किया था। 1959 से 1964 के बीच उन्होंने छह और 1967 से 1969 के दौरान चार बजट पेश किए थे। ऐसे में आज का बजट भाषण पूरा होने के बाद निर्मला सीतारमण इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड के और करीब पहुंच जाएंगी।

