Dainik Savera Times

शेयर बाजार में तेजी का रुख: Sensex और Nifty में मजबूती… विदेशी निवेश बना निवेशकों का सहारा

Bullish Trend in Stock Market: मुंबई: भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को सकारात्मक शुरुआत की, जहां बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों में मजबूती देखने को मिली। विदेशी पूंजी के सतत प्रवाह और घरेलू संस्थागत निवेशकों की सक्रियता के चलते बाजार में सकारात्मक रुख बना रहा।

-सेंसेक्स-निफ्टी में मजबूती दर्ज

सुबह के सत्र में सेंसेक्स 93.05 अंकों की बढ़त के साथ 81,676.35 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी ने 42.80 अंकों की छलांग लगाकर 24,896.20 का स्तर छुआ। थोड़ी ही देर बाद यह तेजी और मजबूत हुई और सेंसेक्स 228.13 अंक चढ़कर 81,812.04 पर और निफ्टी 82.25 अंकों की उछाल के साथ 24,937.70 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।

Bullish Trend in Stock Market
Bullish Trend in Stock Market

-इन शेयरों में जोरदार खरीदारी

सेंसेक्स की 30 में से कई दिग्गज कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी, टाइटन, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख लाभ कमाने वाले शेयर रहे। दूसरी ओर, कोटक महिंद्रा बैंक, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

वैश्विक संकेत भी मिश्रित रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की 225 हरे निशान में रहे, जबकि शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए। अमेरिकी बाजारों ने मंगलवार को कमजोरी के साथ कारोबार समाप्त किया, जिससे कुछ सतर्कता भी देखी गई।

-अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल बाजार में भी हलचल रही

जहां ब्रेंट क्रूड 0.44% की बढ़त के साथ 76.79 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। निवेश के आंकड़े भी बाजार में भरोसे का संकेत देते हैं। मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 1,482.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) की खरीदारी 8,207.19 करोड़ रुपये तक पहुंची।

Exit mobile version