Site icon Dainik Savera Times

Biden के कार्यकाल में भारत के साथ व्यापारिक संबंध मजबूत हुए: America

वांशिगटन: अमेरिकी विमान कंपनी बोइंग से विमान खरीदने के एयर इंडिया के ऐलान का अमेरिकी सरकार के शीर्ष अधिकारियों ने स्वागत करते हुए कहा है कि राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में भारत एवं अमेरिका के व्यापारिक संबंधों में बहुत प्रगति हुई है। मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस ने कहा था कि बोइंग से 34 अरब डॉलर मूल्य के 220 विमानों की खरीद भारतीय एयरलाइंस एयर इंडिया करने जा रही है। इसके अलावा आगे चलकर 70 अन्य विमानों की खरीद भी की जा सकती है जिससे इस सौदे का मूल्य बढक़र 45.9 अरब डॉलर हो जाएगा। अमेरिका की व्यापार मंत्री गिना रेमोंदो ने कहा कि यह सौदा कीमत के लिहाज से बोइंग को मिला तीसरा सबसे बड़ा ऑर्डर है और यह अमेरिका के कामगारों, विनिर्माताओं एवं आपूर्तिकर्ताओं के लिए एक बड़ा मौका है।

रेमोंदो ने कहा कि यह सौदा भारत एवं अमेरिका के बीच पुराने एवं गहरे व्यापारिक संबंधों की दोबारा पुष्टि करता है। उन्होंने कहा, “मैं दोनों देशों की बीच व्यापारिक रिश्ते को मजबूत करने वाली इस घोषणा से काफी रोमांचित हूं।” वह अगले महीने भारत की यात्रा पर जाने वाली हैं जहां पर वह उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ कई मुद्दों पर बात करेंगी। इनमें भारत-प्रशांत समृद्धि आर्थिक प्रारूप का मसला भी शामिल होगा। अमेरिका की व्यापार प्रतिनिधि सारा बियांशी ने भी बोइंग-एयर इंडिया सौदे को एक बड़ा कदम बताते हुए कहा, “पेकान जैसे कुछ उत्पादों पर आयात शुल्क घटाने और औद्योगिक इस्तेमाल वाले इथेनॉल पर शुल्क पूरी तरह खत्म करने के भीरत के कदम के बाद यह घोषणा होना रिश्तों को मजबूती देता है।”

ये भी पढ़ें: फिर मिला धमकी भरा ईमेल, चंडीगढ़ में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, उड़ाएंगे निगम ऑफिस

Exit mobile version