Last Updated: November 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

BYD की इस SUV में है गजब का फीचर:1,630 KM की रेंज के साथ मिलेगा फोल्डिंग स्टीयरिंग

November 22, 2026

BYD की इस SUV में है गजब का फीचर:1,630 KM की रेंज के साथ मिलेगा फोल्डिंग स्टीयरिंग

BYD New SUV: चीन की दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी BYD अपनी नई तकनीक से ऑटोमोबाइल बाजार में लगातार हलचल मचा रही है। कंपनी ने अपनी फ्लैगशिप प्लग-इन हाइब्रिड SUV Fang Cheng Bao Ti 9 को ऐसे अनोखे फीचर के साथ पेश किया है, जो इसे दूसरी गाड़ियों से अलग बनाता है।

इस SUV में दिया गया स्टीयरिंग व्हील महज एक बटन दबाने पर डैशबोर्ड के अंदर फोल्ड होकर छिप जाता है। इसके अलावा गाड़ी में लग्जरी केबिन, एडवांस्ड टेक्नोलॉजी और 1,630 किलोमीटर तक की कुल ड्राइविंग रेंज का दावा किया गया है।

10 सेकेंड में डैशबोर्ड में समा जाएगा स्टीयरिंग व्हील

Fang Cheng Bao Ti 9 का सबसे चर्चित फीचर इसका खास फोल्डिंग स्टीयरिंग व्हील है। सामान्य स्थिति में यह फ्लैट-बॉटम डिजाइन और कंट्रोल बटनों के साथ दिखाई देता है, लेकिन गाड़ी पार्क करने के बाद एक बटन दबाते ही यह करीब 180 डिग्री घूमकर डैशबोर्ड के अंदर बने विशेष स्लॉट में चला जाता है।

कंपनी के मुताबिक, इस प्रक्रिया में लगभग 10 सेकेंड लगते हैं। स्टीयरिंग व्हील के हटने से ड्राइवर के सामने करीब 25 सेंटीमीटर अतिरिक्त जगह बन जाती है। इससे ड्राइवर सीट को पीछे करके आराम कर सकता है और केबिन में ज्यादा खुलापन महसूस कर सकता है।

BYD ने इस सिस्टम को करीब 80,000 बार इस्तेमाल करने की क्षमता को ध्यान में रखकर तैयार किया है। हालांकि, यह सुविधा केवल गाड़ी पार्क होने पर इस्तेमाल की जा सकती है।

स्टीयर-बाय-वायर टेक्नोलॉजी से काम करता है सिस्टम

इस अनोखे स्टीयरिंग व्हील के पीछे Steer-by-Wire टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। पारंपरिक कारों में स्टीयरिंग व्हील का पहियों से मैकेनिकल कनेक्शन होता है, जबकि इस तकनीक में इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल के जरिए स्टीयरिंग कमांड पहियों तक पहुंचता है।

इसी तकनीक की मदद से कंपनी ने स्टीयरिंग व्हील को फोल्ड होकर डैशबोर्ड के अंदर जाने वाला डिजाइन दिया है। इसका उद्देश्य ड्राइविंग के दौरान स्टीयरिंग को हटाना नहीं, बल्कि पार्किंग के बाद केबिन को ज्यादा आरामदायक बनाना है।

5.27 मीटर लंबी है यह लग्जरी SUV

BYD Fang Cheng Bao Ti 9 आकार के मामले में भी काफी बड़ी SUV है। इसके डायमेंशन की बात करें तो इसकी लंबाई 5,270 mm, चौड़ाई 1,999 mm और ऊंचाई 1,880 mm है। वहीं, इसका व्हीलबेस 3,130 mm का है।

इसका बाहरी लुक काफी दमदार रखा गया है। SUV में Brilliant Star Ring हेडलाइट्स, 22 इंच के फोर्ज्ड अलॉय व्हील्स और फ्लोटिंग हब कैप दिए गए हैं। इसके डोर हैंडल को Starry Sky नाम दिया गया है, जबकि पीछे की तरफ स्प्लिट टेलगेट मिलता है। खास बात यह है कि बड़ी और मजबूत SUV जैसा लुक होने के बावजूद इसे लैडर-फ्रेम के बजाय मोनोकॉक प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है।

तीनों रो में मसाज और वेंटिलेशन की सुविधा

इस SUV का इंटीरियर भी लग्जरी सुविधाओं से लैस है। इसमें 30 इंच की पैनोरमिक डिस्प्ले दी गई है, जबकि पीछे बैठने वाले यात्रियों के मनोरंजन के लिए छत पर 21.4 इंच की स्क्रीन मौजूद है।

यात्रियों के आराम का ध्यान रखते हुए कंपनी ने तीनों रो की सीटों में हीटिंग, वेंटिलेशन और मसाज जैसे फीचर्स दिए हैं।

ड्राइवर सीट भी खास है। यह 20 सेकेंड से कम समय में करीब 165 डिग्री तक पीछे झुक सकती है। इसके साथ फोल्डिंग टेबल भी मिलती है, जिससे ड्राइवर पार्किंग के दौरान लैपटॉप पर काम करने, खाना खाने या आराम करने जैसे काम कर सकता है।

4.8 सेकेंड में पकड़ेगी 100 KM/H की रफ्तार

पावरट्रेन की बात करें तो Fang Cheng Bao Ti 9 में 1.5 लीटर का टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 115 kW यानी करीब 154 hp की पावर और 225 Nm का टॉर्क जनरेट करता है।

इसके अलावा SUV में आगे और पीछे दो इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई हैं। दोनों इलेक्ट्रिक मोटर मिलकर 200 kW यानी करीब 268 hp की पावर देती हैं। इनमें फ्रंट मोटर 315 Nm और रियर मोटर 360 Nm का टॉर्क पैदा करती है।

कंपनी के मुताबिक, यह SUV महज 4.8 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम स्पीड 200 किलोमीटर प्रति घंटा है। इस SUV में 66.48 kWh की LFP बैटरी दी गई है। कंपनी का दावा है कि यह केवल इलेक्ट्रिक मोड में CLTC टेस्टिंग साइकिल के अनुसार 400 किलोमीटर तक चल सकती है।

ये भी पढ़ें …

चीन में इतनी रखी गई है कीमत

कीमत की बात करें तो चीन में BYD Fang Cheng Bao Ti 9 की शुरुआती कीमत 2,79,900 चीनी युआन रखी गई है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 38.91 लाख रुपये के बराबर है।

वहीं, इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 3,29,900 चीनी युआन यानी करीब 45.86 लाख रुपये है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें