Site icon Dainik Savera Times

Byju का अपने पाठ्यक्रमों को बड़ा तोहफा, फीस में 30-40 प्रतिशत तक की कटौती की

 

नयी दिल्ली: शिक्षा प्रौद्योगिकी मंच बायजू का संचालन करने वाली कंपनी थिंक एंड लर्न ने पाठ्यक्रम सदस्यता शुल्क में 30-40 प्रतिशत की कटौती करने के साथ बिक्री प्रोत्साहन को 50-100 प्रतिशत बढ़ा दिया है। बायजू के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी बायजू रवींद्रन ने 1,500 बिक्री सहयोगियों और प्रबंधकों के साथ एक बैठक में कारोबार विस्तार और लचीलेपन के लिए अपनी बिक्री रणनीति में बदलाव की घोषणा की है।

घटनाक्रम से परिचित सूत्रों ने कहा, ‘‘बायजू र्लिनंग ऐप की वार्षिक सदस्यता अब 12,000 रुपये (करों सहित) की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध है, जबकि बायजू क्लासेस और बायजू ट्यूशन सेंटर (बीटीसी) की पूरी कीमत समूचे साल के लिए क्रमश? 24,000 रुपये और 36,000 रुपये है।’ उन्होंने कहा कि इस तरह पाठ्यक्रम शुल्कों में लगभग 30-40 प्रतिशत की कटौती की गई है।

कंपनी के मूल्यांकन में भारी गिरावट आने से पैदा हुए वित्तीय संकट से उबरने की कोशिश में लगे रवींद्रन ने पाठ्यक्रमों की बिक्री करने वाली टीम का प्रोत्साहन बढ़ाने के साथ उनका सारा बकाया चुकाने का भी वादा किया है। बायजू ने कहा, ‘‘औसत बिक्री वेतन 40,000 रुपये प्रति माह है। आप कुछ पाठ्यक्रमों की बिक्री करें और आप अपने वेतन के साथ बकाया वेतन भी निकाल सकते हैं। इस मॉडल से अपने सालाना वेतन पैकेज की कई गुना राशि कमा सकते हैं।’’

उन्होंने घोषणा की कि बायजू के बिक्री सहयोगियों को बिक्री के अगले दिन ही पूरी प्रोत्साहन राशि सीधे उनके खातों में मिलेगी, जबकि प्रबंधकों को कंपनी से इसका 20 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। बायजू ने प्रबंधकों को निर्देश दिया है कि वे बिक्री टीम को समर्थन और सक्षम बनाने पर ध्यान केंद्रित करते हुए ‘कोच’ के रूप में कार्य करें। बायजू ने कर्मचारियों से कहा है कि वे किसी भी तरह के दुर्व्यवहार, जबरन बिक्री या प्रबंधकों के अशिष्ट व्यवहार की शिकायत सीधे उन्हें करें। इस घटनाक्रम के बारे में टिप्पणी के लिए बायजू को भेजे गए ईमेल का अब तक कोई जवाब नहीं मिला है।

ये भी पढ़ें: ट्रंप ने चीन की प्रमुख तेल रिफाइनरी, 40 शिपिंग कंपनियों और तेल टैंकरों पर लगाई रोक, भड़के ड्रैगन ने दे डाली चेतावनी

Exit mobile version