Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिजली रेटिंग में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी छठे स्थान पर

April 26, 2023

बिजली रेटिंग में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी छठे स्थान पर

भोपाल: मध्य प्रदेश में बिजली सुधार के प्रयास जारी हैं। इसी का नतीजा है कि ‘कंज्यूमर सर्विस रेटिंग ऑफ डिस्कॉम्स’ में दस पायदान का सुधार करते हुए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को छठा स्थान मिला है। वहीं पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर को अठारवां तथा पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर को छब्बीसवां स्थान मिला है। आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी में बताया गया है कि बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही बेहतर उपभोक्ता सेवाएं प्रदान करने के मामले में पूरे देश की 58 डिस्कॉम के मध्य ‘कंज्यूमर सर्विस रेटिंग ऑफ डिस्कॉम्स’ में दस पायदान का सुधार करते हुए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को छठा स्थान मिला है।

इस कंपनी का कार्य क्षेत्र भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग है। केन्द्रीय विद्युत मंत्रालय भारत सरकार और ग्रामीण विद्युतीकरण निगम द्वारा पूरे देश की 58 बिजली कंपनियों की वर्ष 2021-22 की ‘कंज्यूमर सर्विस रेटिंग ऑफ डिस्कॉम्स’ जारी की है। इसमें मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को परिचालन विश्वसनीयता, नये कनेक्शन, मीटरिंग, बिलिंग, राजस्व संग्रहण, विद्युत एवं अन्य उपभोक्ता शिकायत निराकरण तथा उपभोक्ता सेवाओं के मामलों में बी प्लस रेटिंग के साथ पूरे देश में छठा स्थान दिया गया है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक गणेश शंकर मिश्रा ने कहा है कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही बेहतर से बेहतर उपभोक्ता सेवाएं प्रदान करने लिए कंपनी कृत संकल्पित है।

इसी दिशा में लगातार विद्युत अधोसंरचना विकास और उपभोक्ता सेवाओं में विस्तार किया जा रहा है। कंपनी द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नवीनतम तकनीकों का उपयोग करते हुए कंपनी कार्यक्षेत्र के अंतर्गत बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति के साथ ही बेहतर उपभोक्ता सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। नवीनतम तकनीक आधारित सेवाओं से एक ओर जहां उपभोक्ताओं के समय की बचत होने के साथ ही त्वरित सुविधाएं मिल रहीं हैं वहीं दूसरी ओर कंपनी को इन सेवाओं में लगने वाले अतिरिक्त मैनपावर की बचत होने के साथ ही राजस्व लाभ भी हो रहा है।

ये भी पढ़ें : अलवर में जज का हुआ अंतिम संस्कार, रोते हुए पिता ने दी मुखाअग्नि, पत्नी-बच्चे संस्कार में नहीं हुए शामिल

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें