Site icon Dainik Savera Times

चीन ने श्रीलंका को ऋण चुनौतियों से निपटने के लिए मदद का दिया आश्वासन 

कोलंबो: चीन ने आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को ऋण चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने में मदद का आश्वासन दिया है। चीन ने यह आश्वासन ऐसे समय में दिया है, जब देश को सितंबर तक अपने बाहरी और घरेलू ऋण पुनर्गठन को अंतिम रूप देना है। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) इस साल मार्च में दिए गए 2.9 अरब डॉलर के राहत पैकेज की पहली समीक्षा करेगा।

आईएमएफ 11-19 सितंबर को यह समीक्षा करेगा। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के विदेश मंत्री व विदेश मामलों से जुड़े आयोग के कार्यालय के निदेशक वांग यी ने सातवें चीन-दक्षिण एशियाई एक्सपो के मौके पर श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवरधन से मुलाकात करने वाली केंद्रीय समिति को आश्वासन दिया कि वे देश को उसकी ऋण संबंधी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने में मदद करेंगे।

विज्ञप्ति में वांग के हवाले से कहा गया,चीन हमेशा से श्रीलंका का विश्वसनीय रणनीतिक साझेदार रहा है। वह इस बात की सराहना करता है कि श्रीलंका हमेशा चीन के प्रति मित्रवत रहा है और अपने मूल हितों से संबंधित मुद्दों पर चीन के साथ खड़ा रहा है। श्रीलंका का विदेशी मुद्रा भंडार काफी कम होने के बाद द्वीपीय देश अपने सबसे बुरे आर्थिक संकट से गुजर रहा है। देश में जनता पिछले साल ईंधन, उर्वरक के साथ-साथ अन्य जरूरी वस्तुओं की कमी होने के कारण सड़कों पर उतर आई थी।

 

ये भी पढ़ें : इस महीने शुरू होगा मलमास: नहीं कर पाएंगे कोई भी शुभ कार्य, जानें तारिख और धार्मिक महत्व
Exit mobile version