Dainik Savera Times

चॉकलेट, पेस्ट्री और आइसक्रीम को लेकर खास खबर: GST दर में हो सकता है बड़ा बदलाव

नई दिल्ली: आम लोगों के लिए एक खास खबर सामने आई है। बता दें कि केंद्र सरकार वस्तु एवं सेवा कर (GST) के तहत बड़े बदलाव की तैयारी में है, जिसके तहत चॉकलेट, पेस्ट्री, अनाज आधारित फ्लेक्स और आइसक्रीम जैसे पैकेज्ड खाद्य उत्पादों पर टैक्स दरों को घटाया जा सकता है। अगर प्रस्तावित बदलावों को हरी झंडी मिलती है, तो इन लोकप्रिय वस्तुओं पर वर्तमान में लगने वाला 18% GST घटाकर सिर्फ 5% कर दिया जाएगा।

GST 2.0 रिफॉर्म का असर होगा सीधा जेब पर

GST काउंसिल की 56वीं बैठक 3 और 4 सितंबर को नई दिल्ली में होने जा रही है। इस बैठक में फिटमेंट कमेटी की सिफारिशों पर विचार किया जाएगा। कमेटी ने कोको-आधारित चॉकलेट, पेस्ट्री, ब्रेकफास्ट फ्लेक्स और आइसक्रीम जैसे उत्पादों पर टैक्स दर घटाने की सलाह दी है। अगर यह प्रस्ताव पास होता है, तो इन चीजों की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट आ सकती है।

ग्राहकों को मिलेगी सीधी राहत

महंगाई के इस दौर में, मिठास पसंद करने वालों के लिए यह खबर किसी तोहफे से कम नहीं होगी। चॉकलेट और आइसक्रीम जैसे प्रोडक्ट्स बच्चों से लेकर युवाओं तक की पहली पसंद हैं। वहीं, पेस्ट्री और फ्लेक्स जैसे प्रोडक्ट्स अब मेट्रो शहरों से निकलकर टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी लोकप्रिय होते जा रहे हैं। टैक्स कम होने से इनकी पहुंच आम लोगों तक और आसान हो जाएगी।

राजस्व पर होगा असर

फिलहाल 18% GST स्लैब सरकार के कुल टैक्स राजस्व में एक बड़ी भूमिका निभाता है। ऐसे में टैक्स दरों में कटौती से केंद्र और राज्य सरकारों को करीब ₹40,000 करोड़ के राजस्व घाटे का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन सरकार का मानना है कि टैक्स स्ट्रक्चर को सरल बनाना और उपभोग वाली वस्तुओं को सस्ता करना अर्थव्यवस्था में मांग को बढ़ावा देगा।

पीएम मोदी ने 15 अगस्त को दिया था संकेत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से दिए गए भाषण में संकेत दिया था कि दिवाली से पहले देश में नया GST रिफॉर्म लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा था कि सरकार टैक्स सिस्टम को और अधिक तर्कसंगत बनाने की दिशा में कदम उठा रही है। इस रिफॉर्म के तहत टैक्स स्लैब्स की समीक्षा होगी और आम आदमी के हित में बदलाव किए जाएंगे।

Exit mobile version