Site icon Dainik Savera Times

CNG Prices Change: नए साल पर कार चालकों को मिल सकती है बड़ी राहत, CNG की कीमतें होंगी कम

नए साल पर कार चालकों को मिल सकती है बड़ी राहत

नए साल पर कार चालकों को मिल सकती है बड़ी राहत

नई दिल्ली: नए साल की शुरुआत CNG वाहन मालिकों के लिए अच्छी खबर लेकर आ सकती है। देश में हर महीने लाखों वाहन बिकते हैं, जिनमें बड़ी संख्या CNG से चलने वाली गाड़ियों की होती है। पिछले कुछ वर्षों में CNG के दामों में लगातार इजाफा हुआ, जिससे आम उपभोक्ताओं का बजट प्रभावित हुआ। अब खबर है कि आने वाले समय में CNG की कीमतों में कमी की जा सकती है, जिससे वाहन चालकों को हजारों रुपये की बचत हो सकती है।

जल्द सस्ती हो सकती है CNG

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सरकार और गैस वितरण से जुड़ी एजेंसियां CNG की कीमतों में कटौती पर विचार कर रही हैं। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन संकेत मिल रहे हैं कि नए साल में CNG के दाम घट सकते हैं।

कितनी हो सकती है कीमत में कटौती

अनुमान लगाया जा रहा है कि CNG की कीमत में प्रति किलोग्राम 1.25 रुपये से लेकर 2.50 रुपये तक की कमी संभव है। अगर ऐसा होता है, तो देशभर में CNG वाहन चलाना पहले के मुकाबले और किफायती हो जाएगा।

कीमत घटने की वजह क्या है

जानकारी के मुताबिक पेट्रोलियम और नेचुरल गैस रेगुलेटरी बोर्ड (PNGRB) ने गैस ट्रांसपोर्टेशन के यूनिफाइड टैरिफ सिस्टम में बदलाव किया है। यह फैसला ‘वन नेशन, वन ग्रिड और वन टैरिफ’ की नीति के तहत लिया गया है। इसका मकसद देशभर में गैस ट्रांसपोर्टेशन शुल्क को समान करना है, जिसका सीधा असर CNG की लागत पर पड़ेगा।

कब से लागू होगा नया नियम

बताया जा रहा है कि नया टैरिफ सिस्टम 1 जनवरी 2026 से लागू होगा। इसके तहत 300 किलोमीटर तक गैस ट्रांसपोर्ट करने पर शुल्क 54 रुपये प्रति MMBTU रहेगा, जबकि 300 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए ट्रांसपोर्ट चार्ज 102.86 रुपये प्रति MMBTU तय किया गया है। हालांकि उपभोक्ताओं से किसी भी दूरी के लिए समान रूप से 54 रुपये प्रति MMBTU ही लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: अनजाने में नियंत्रण रेखा पार करने के बाद शहनाज अख्तर को वापस पाकिस्तान भेजा

फिलहाल क्या हैं CNG के दाम

राजधानी दिल्ली में IGL द्वारा CNG की कीमत 77.09 रुपये प्रति किलोग्राम है। वहीं एनसीआर क्षेत्र में नोएडा और गाजियाबाद में CNG 85.70 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर उपलब्ध है। अगर प्रस्तावित बदलाव लागू होते हैं, तो आने वाले समय में CNG वाहन चलाना न सिर्फ सस्ता होगा बल्कि आम लोगों के लिए यह एक बेहतर और किफायती विकल्प भी बन जाएगा।

Exit mobile version