Site icon Dainik Savera Times

GoFirst मामले में मध्यस्थता आदेश का अनुपालन कर रहे हैं: Pratt & Whitney

मुंबई: गो फर्स्ट द्वारा दिवाला समाधान के लिए आवेदन दायर करने के एक दिन बाद अमेरिका की इंजन विनिर्माता कंपनी प्रैट एंड व्हिटनी (पीएंडडब्ल्यू) ने बुधवार को कहा कि वह एयरलाइन के संबंध में मध्यस्थता आदेश का अनुपालन कर रही है। साथ ही पीएंडडब्ल्यू ने कहा कि वह सभी ग्राहकों के लिए आपूर्ति की समयसीमा को प्राथमिकता दे रही है। गो फर्स्ट ने पीएंडडब्ल्यू द्वारा इंजन की आपूर्ति नहीं करने की वजह से ही तीन दिन के लिए अपनी उड़ानें निलंबित करने की घोषणा की है। प्रैट एंड व्हिटनी के करीबी सूत्रों ने दावा किया कि गो फर्स्ट का इंजन विनिर्माता के प्रति अपनी वित्तीय दायित्वों से चूकने का लंबा इतिहास रहा है।

कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘प्रैट एंड व्हिटनी अपने एयरलाइन ग्राहकों की सफलता के लिए प्रतिबद्ध है। हमने सभी ग्राहकों के लिए आपूर्ति समयसीमा को प्राथमिकता दी है। पीएंडडब्ल्यू गो फर्स्ट से संबंधित मार्च, 2023 के मध्यस्थता फैसले का अनुपालन कर रही है। चूंकि यह मामला अब मुकदमेबाजी में चला गया है, ऐसे में हम इस पर अधिक कुछ नहीं कहेंगे।’’ इस बीच, गो फर्स्ट ने एक बयान में कहा है कि मध्यस्थ ने पीएंडडब्ल्यू को 27 अप्रैल तक कम से कम 10 सेवा योग्य अतिरिक्त इंजन पट्टे पर देने का निर्देश दिया है।

ये भी पढ़ें : अमृतसर में दिल्ली के LG तरनजीत सिंह संधू के सम्मान में हुआ भव्य रात्रिभोज का आयोजन

Exit mobile version