Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

ICICI बैंक के 17 हजार यूजरों का क्रेडिट कार्ड डेटा लीक, बैंक ने कार्ड ब्लॉक किए, मुआवजे का दिया आश्वासन

April 27, 2024

ICICI बैंक के 17 हजार यूजरों का क्रेडिट कार्ड डेटा लीक, बैंक ने कार्ड ब्लॉक किए, मुआवजे का दिया आश्वासन

नई दिल्ली: आईसीआईसीआई बैंक के कम से कम 17 हजार नए ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड डेटा लीक होने और गलत यूजरों तक पहुंचने के बाद बैंक ने गुरुवार को कहा कि उसने इन कार्डों को ब्लॉक कर दिया है और ग्राहकों को नए कार्ड जारी कर रहा है।

यह मुद्दा तब सामने आया जब आईसीआईसीआई बैंक के कुछ ग्राहकों ने सोशल मीडिया पर बैंक के आईमोबाइल पे ऐप द्वारा उनके पूरे नंबर और कार्ड सत्यापन मूल्य (सीवीवी) सहित क्रेडिट कार्ड विवरण लीक होने के बारे में चिंता व्यक्त की।

वित्त-संबंधित फोरम टेक्नोफिनो पर, कई यूजरों ने अचानक अपने आईमोबाइल पे ऐप पर कुछ अज्ञात ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड के पूरे कार्ड नंबर, एक्सपायरी डेट और सीवीवी जैसे संवेदनशील डेटा मिलने की सूचना दी।

आईएएनएस को दिए एक बयान में, आईसीआईसीआई बैंक के प्रवक्ता ने कहा कि यह उनके संज्ञान में आया है कि पिछले कुछ दिनों में जारी लगभग 17 हजार नए क्रेडिट कार्ड हमारे डिजिटल चैनलों में गलत यूजरों के लिए मैप कर दिये गए थे।

प्रवक्ता ने कहा, इस सेट से किसी कार्ड के दुरुपयोग का कोई मामला हमारी सूचना में नहीं है। हालांकि, हम आश्वस्त करते हैं कि किसी भी वित्तीय नुकसान के मामले में बैंक ग्राहक को उचित मुआवजा देगा।

बैंक के अनुसार, प्रभावित क्रेडिट कार्डों की संख्या बैंक के क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो का लगभग 0.1 प्रतिशत है।

आईसीआईसीआई बैंक के प्रवक्ता ने कहा, तत्काल उपाय के रूप में, हमने इन कार्डों को ब्लॉक कर दिया है और ग्राहकों को नए कार्ड जारी कर रहे हैं। हमें हुई असुविधा के लिए खेद है।

एक यूजर ने टेक्नोफिनो पर लिखा, आईमोबाइल पे ऐप पर सुरक्षा गड़बड़ी के कारण मेरे पास किसी और के अमेज़ॅन पे क्रेडिट कार्ड की पहुंच है। हालांकि ओटीपी घरेलू लेनदेन को प्रतिबंधित करता है, मैं आईमोबाइल ऐप से विवरण का उपयोग करके अंतर्राष्ट्रीय लेनदेन कर सकता हूं। वर्ष 2008 में लॉन्च आईमोबाइल पे ऐप के 2.8 करोड़ से अधिक यूजर हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें