Decline in Stock Market : मुंबई: अमेरिकी टैरिफ को लेकर अनिश्चितता के बीच आईटी शेयरों में गिरावट के चलते मंगलवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू बाजारों में गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 639.13 अंक गिरकर 76,775.79 पर आ गया। एनएसई निफ्टी 180.25 अंक फिसलकर 23,339.10 पर आ गया।
-लाभ में रहे ये शेयर
सेंसेक्स में सूचीबद्ध कंपनियों में इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक और मारुति के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। वहीं, इंडसइंड बैंक के शेयर में करीब पांच फीसदी की तेजी रही।
पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अडानी पोर्ट्स, नेस्ले और एनटीपीसी के शेयर भी लाभ में रहे। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे।
-अमेरिकी बाजार में सकारात्मक रुख
सोमवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। गौरतलब है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 2 अप्रैल को जवाबी टैरिफ की एक श्रृंखला शुरू करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने 2 अप्रैल को अमेरिका का “मुक्ति दिवस” करार दिया है। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1.51 प्रतिशत बढ़कर 74.74 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बिकवाल रहे और उन्होंने शुद्ध रूप से 4,352.82 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

