Dollar Price Today: मुंबई: घरेलू शेयर बाजारों की दमदार शुरुआत और पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव के नरम होने की उम्मीदों के बीच बुधवार को रुपये में मजबूती देखने को मिली। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया शुरुआती कारोबार में 13 पैसे की बढ़त के साथ 85.92 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, इजराइल-ईरान तनाव में संभावित नरमी ने निवेशकों की धारणा को सकारात्मक बनाया है, जिससे रुपये को समर्थन मिला है। हालांकि, वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी निवेशकों की ओर से जारी बिकवाली ने रुपये की तेजी को सीमित किया।
-शुरुआती कारोबार में 13 पैसे की बढ़त
रुपये ने दिन की शुरुआत 86.00 पर की, लेकिन जल्द ही इसमें सुधार देखा गया और यह 85.92 के स्तर पर आ गया। मंगलवार को भी रुपये ने पांच वर्षों में एक दिन की सबसे बड़ी छलांग लगाई थी और 73 पैसे चढ़कर 86.05 पर बंद हुआ था।

-अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़त
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड वायदा 1.30% बढ़कर 68.01 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है, जो आयातित मुद्राओं पर दबाव डाल सकता है।
डॉलर सूचकांक, जो छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाता है, मामूली 0.06 प्रतिशत बढ़कर 97.91 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजारों की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स ने बुधवार को 426.79 अंकों की बढ़त के साथ 82,481.90 का स्तर छू लिया, जबकि एनएसई निफ्टी 123.25 अंक उछलकर 25,167.60 पर पहुंचा। हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को बाजार से करीब 5,266.01 करोड़ रुपये की निकासी की, जिससे यह साफ है कि बाजार में अभी भी सतर्कता बनी हुई है।