Dollar Price Today: मुंबई: अंतरराष्ट्रीय बाजार में भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच भारतीय रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में कमजोर पड़ा। डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे टूटकर 86.69 पर आ गया।

-वैश्विक बाजारों में बेचैनी का माहौल
बाजार सूत्रों के मुताबिक, ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिका द्वारा किए गए हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव गहराने से वैश्विक बाजारों में बेचैनी का माहौल है। इसका सीधा असर तेल की कीमतों और विदेशी मुद्रा बाजार पर पड़ा है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया सोमवार को 86.75 पर खुला और शुरुआती कारोबार में 86.69 के स्तर तक आया। यह शुक्रवार के 86.55 के बंद भाव से 14 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
-ब्रेंट क्रूड में 1.69% की तेजी दर्ज
इस बीच, ब्रेंट क्रूड में 1.69% की तेजी दर्ज की गई, जिससे कीमत 78.31 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। कच्चे तेल की कीमतों में यह उछाल भारत जैसे आयात-आधारित देशों की मुद्रा पर दबाव बनाता है। डॉलर की वैश्विक मजबूती भी रुपये पर असर डाल रही है। निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति पर है, जिससे डॉलर को समर्थन मिला है।
हालांकि, शुक्रवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने भारतीय बाजार में भरोसा जताया और 7,940.70 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। यह इक्विटी बाजार के लिए सकारात्मक संकेत है, लेकिन मुद्रा बाजार में फिलहाल अस्थिरता बनी हुई है।