
मुंबई: जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड ने शुक्रवार को बताया कि सितंबर 2026 में समाप्त तिमाही (वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही) में उसका कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 41.9 प्रतिशत घटकर 108 करोड़ रुपए रह गया है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 186 करोड़ रुपए का मुनाफा दर्ज किया था।
भारत में डोमिनोज पिज्जा और अन्य क्विक सर्विस रेस्टोरेंट (क्यूएसआर) ब्रांडों का संचालन करने वाली कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही के दौरान परिचालन से उसका राजस्व 11.8 प्रतिशत बढ़कर 2,608 करोड़ रुपए हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 2,332 करोड़ रुपए था। इस वृद्धि की मुख्य वजह उसके फूड सर्विसेज कारोबार में बढ़ोतरी रही।
कंपनी की ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की कमाई (ईबीआईटीडीए) सालाना आधार पर 7.3 प्रतिशत बढ़कर 513 करोड़ रुपए हो गई, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 478 करोड़ रुपए थी। हालांकि,कंपनी का ईबीआईटीडीए मार्जिन 80 आधार अंक घटकर 19.7 प्रतिशत रह गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 20.5 प्रतिशत था।
इसके अतिरिक्त एक एक्सचेंज फाइलिंग में जुबिलेंट फूडवर्क्स ने बताया कि कंपनी की सचिव, अनुपालन अधिकारी और प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक (केएमपी) मोना अग्रवाल की नोटिस अवधि को बोर्ड के साथ आपसी सहमति से बढ़ा दिया गया है, ताकि जिम्मेदारियों का व्यवस्थित तरीके से हस्तांतरण सुनिश्चित किया जा सके।
संशोधित व्यवस्था के तहत अग्रवाल अब 13 नवंबर, 2026 के बजाय 31 मार्च, 2027 को कारोबारी समय समाप्त होने तक अपने मौजूदा पद पर बनी रहेंगी। कंपनी ने कहा कि 13 अगस्त, 2026 को दाखिल की गई जानकारी में बताए गए अन्य सभी विवरण, जिनमें उनके इस्तीफे का कारण भी शामिल है, अपरिवर्तित रहेंगे। कंपनी ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में कहा, “यह 13 अगस्त, 2026 को कंपनी की सचिव और अनुपालन अधिकारी तथा प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक (केएमपी) मोना अग्रवाल के इस्तीफे के संबंध में दी गई हमारी सूचना के संदर्भ में है।”
कंपनी ने आगे कहा, “इस संबंध में और लिस्टिंग नियमों के विनियम 30 तथा अनुसूची III के तहत सूचित किया जाता है कि निदेशक मंडल और मोना अग्रवाल के बीच आपसी सहमति से जिम्मेदारियों का व्यवस्थित हस्तांतरण सुनिश्चित करने के लिए उनकी नोटिस अवधि बढ़ा दी गई है। तदनुसार, मोना अग्रवाल अब 13 नवंबर, 2026 के बजाय 31 मार्च, 2027 को कारोबारी समय समाप्त होने तक कंपनी की सचिव, अनुपालन अधिकारी और प्रमुख प्रबंधकीय कार्मिक (केएमपी) के रूप में कार्य करती रहेंगी।”
मेष: दिन शुभ रहेगा...