Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

SpaceX के IPO से एलन मस्क ने रचा नया इतिहास, बने दुनिया के पहले Trillionaire

June 13, 2026

SpaceX के IPO से एलन मस्क ने रचा नया इतिहास, बने दुनिया के पहले Trillionaire

बिजनेस डेस्क: दुनिया के सबसे अमीर उद्योगपति एलन मस्क ने नया इतिहास रच दिया है। उनकी अंतरिक्ष कंपनी SpaceX के ऐतिहासिक IPO के बाद मस्क की कुल संपत्ति में जबरदस्त उछाल आया है। उनकी नेटवर्थ अब 1 ट्रिलियन डॉलर (एक हजार अरब डॉलर) के आंकड़े को पार कर गई है। अब एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलिनियर व्यक्ति बन गए हैं।

स्पेसएक्स ने अपने आईपीओ के तहत करीब 55.56 करोड़ शेयर 135 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर जारी किए। इस सार्वजनिक पेशकश के जरिए कंपनी ने लगभग 75 अरब डॉलर की बड़ी राशि जुटाई है। आईपीओ के बाद कंपनी का कुल बाजार मूल्य करीब 1.77 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है, जो इसे दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल करता है।

बताया जा रहा है कि कंपनी के शेयर 12 जून से नैस्डैक स्टॉक एक्सचेंज पर SPCX टिकर के साथ कारोबार के लिए उपलब्ध होंगे। निवेशकों में इस आईपीओ को लेकर भारी उत्साह देखा गया और इसे अब तक के सबसे बड़े आईपीओ में से एक माना जा रहा है।

वित्तीय रिपोर्टों के अनुसार, आईपीओ से पहले एलन मस्क की कुल संपत्ति करीब 780 अरब डॉलर आंकी गई थी। स्पेसएक्स में उनकी बड़ी हिस्सेदारी है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 866 अरब डॉलर बताई जा रही है। इसके अलावा मस्क की हिस्सेदारी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स, न्यूरालिंक और द बोरिंग कंपनी में भी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इन सभी कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी को जोड़ने पर एलन मस्क की कुल संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर से अधिक पहुंच सकती है। यदि यह अनुमान सही साबित होता है, तो मस्क दुनिया के पहले ऐसे व्यक्ति बन जाएंगे जिनकी संपत्ति ट्रिलियन डॉलर के स्तर को पार करेगी।

यह आईपीओ कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, इसका आकार इतना बड़ा है कि इसने वर्ष 2019 में सऊदी अरामको द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि स्पेसएक्स की सफलता अंतरिक्ष उद्योग और वैश्विक निवेश बाजार के लिए एक नया अध्याय साबित हो सकती है।

एलन मस्क पहले से ही तकनीक, अंतरिक्ष और इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके हैं। अब उनकी बढ़ती संपत्ति और स्पेसएक्स की सफलता उन्हें दुनिया के आर्थिक इतिहास में एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें