Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

वित्त मंत्री Sitharaman 3 देशों की यात्रा पर… ब्रिक्स की अहम बैठक में होंगी शामिल

June 30, 2025

वित्त मंत्री Sitharaman 3 देशों की यात्रा पर… ब्रिक्स की अहम बैठक में होंगी शामिल

Finance Minister Sitharaman: नई दिल्ली: भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज एक अहम अंतरराष्ट्रीय दौरे पर रवाना हो रही हैं, जिसमें वे स्पेन, पुर्तगाल और ब्राजील की पांच दिवसीय यात्रा के दौरान भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह यात्रा 5 जुलाई को संपन्न होगी। इस दौरान वित्त मंत्री विभिन्न वैश्विक मंचों और बहुपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेंगी, जिनमें ब्रिक्स देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों की बैठक (एफएमसीबीजी) भी शामिल है।

यात्रा की शुरुआत स्पेन के सेविले शहर से होगी, जहां सीतारमण संयुक्त राष्ट्र द्वारा आयोजित विकास के लिए वित्तपोषण पर चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (FFD4) में भाग लेंगी। सम्मेलन में वह भारत की तरफ से वैश्विक आर्थिक विकास में निजी पूंजी की भूमिका पर अपना विचार साझा करेंगी।

-जानें यात्रा के दौरान का शेड्यूल

सेविले में उनके कार्यक्रमों में “एफएफडी4 परिणाम से कार्यान्वयन तक: सतत विकास के लिए निजी पूंजी की क्षमता का दोहन” विषय पर आयोजित इंटरनेशनल बिजनेस फोरम लीडरशिप समिट में मुख्य भाषण देना भी शामिल है। इसके अलावा वह जर्मनी, पेरू और न्यूजीलैंड के वरिष्ठ मंत्रियों, साथ ही यूरोपीय निवेश बैंक (EIB) के अध्यक्ष से द्विपक्षीय मुलाकातें करेंगी।

-लिस्बन में करेंगी द्विपक्षीय बैठक

स्पेन के बाद उनका अगला पड़ाव होगा पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन, जहां वह पुर्तगाल के वित्त मंत्री के साथ एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक करेंगी। लिस्बन प्रवास के दौरान वह प्रमुख निवेशकों और भारतीय प्रवासी समुदाय के साथ संवाद स्थापित कर भारत में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगी।

-ब्राजील में होगा यात्रा का अंतिम चरण

यात्रा का अंतिम चरण ब्राजील में होगा, जहां रियो डी जेनेरियो में वित्त मंत्री न्यू डेवलपमेंट बैंक (NDB) की 10वीं वार्षिक बैठक को संबोधित करेंगी। इस बैठक के दौरान वह ‘ग्लोबल साउथ के लिए एक प्रमुख बहुपक्षीय विकास बैंक का निर्माण’ विषय पर अपने विचार रखेंगी। इसके साथ ही, ब्रिक्स देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक प्रमुखों की एफएमसीबीजी बैठक में भारत की रणनीतिक भागीदारी को मजबूत करेंगी। ब्राजील प्रवास के दौरान सीतारमण ब्राजील, चीन, रूस और इंडोनेशिया के अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगी, जो भारत की विदेश नीति और वैश्विक आर्थिक संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें