Site icon Dainik Savera Times

साधारण बीमा कंपनियों के प्रमुखों के साथ वित्त मंत्रलय ने की बैठक

 नयी दिल्ली:  वित्तीय सेवा विभाग के सचिव विवेक जोशी ने मंगलवार को निजी क्षेत्र की साधारण बीमा कंपनियों के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) के साथ एक बैठक में इस क्षेत्र के विकास एवं वृद्धि से जुड़े मसलों पर चर्चा की।वित्त मंत्रलय ने बयान में कहा कि इस बैठक में साधारण बीमा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें राज्य बीमा योजनाओं के तहत राज्यों के साथ सतत संपर्क बनाए रखते हुए जागरूकता बढ़ाने और बीमा का प्रसार एवं पहुंच बढ़ाने के मुद्दे भी शामिल थे।
बैठक में साधारण बीमा उद्योग के लिए एजेंसी माध्यम को खोलने में वितरण चैनल को तर्कसंगत बनाने के लिए राज्य सरकारों के साथ समन्वय बनाने पर भी चर्चा हुई।  इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रलय के साथ मिलकर एक विशेष अभियान चलाने पर भी विचार किया गया।बैठक में स्वास्थ्य बीमा की वृद्धि को गति देने के लिए इलाज की नकदीरहित सुविधा बढ़ाने और इलाज की लागत के मानकीकरण के लिए स्वास्थ्य मंत्रलय के साथ मिलकर काम करने पर भी चर्चा हुई।
वित्तीय सेवा सचिव ने प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले वित्तीय नुकसान की भरपाई और सूक्ष्म, लघु एवं मझोले क्षेत्र की इकाइयों को बीमा दायरे में लाने पर जोर दिया। इसके अलावा धोखाधड़ी से बचने के लिए सिबिल स्कोर को बीमा धोखाधड़ी से जोड़ने की संभावना पर भी गौर किया गया। बैठक में बीमा उद्योग के साथ नियमित बैठकें करने का भी फैसला किया गया।
ये भी पढ़ें : Weather News: देशभर में बदला मौसम का मिजाज: कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पढ़ें IMD की लेटेस्ट अपडेट
Exit mobile version