Site icon Dainik Savera Times

मुनाफा काटने के लिए विदेशी निवेशक बेच रहे भारतीय शेयर : सीतारमण

मुंबई: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली को लेकर चिंता को दूर करते हुए कहा कि भारत में निवेश करने वालों को अच्छा रिटर्न (प्रतिफल) मिल रहा है और इससे वे मुनाफावसूली कर रहे हैं। सीतारमण ने कहा कि भारत एक ऐसी अर्थव्यवस्था है जहां निवेशकों को बेहतर रिटर्न मिल रहा है, जिससे मुनाफावसूली होती है। उन्होंने कहा, ‘एफआईआई भी तब बाहर जाते हैं जब वे मुनाफावसूली करने में सक्षम होते हैं। आज भारतीय बाजार में ऐसा माहौल है कि निवेश पर अच्छा रिटर्न भी मिल रहा है और मुनाफावसूली भी हो रही है।’ डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार एफआईआई ने पिछले साल अक्तूबर से 1.56 लाख करोड़ रुपए से अधिक के शेयर बेचे हैं।

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की कुल पूंजी निकासी इस साल अबतक 99,299 करोड़ रुपए पहुंच गई है। इससे बाजार में गिरावट आई है और निवेशकों को नुक्सान हुआ। वित्त सचिव तुहिन कांत पांडेय ने कहा कि एफआईआई एक उभरते बाजार से दूसरे बाजार में नहीं जा रहे हैं। वैश्विक अस्थिरता के समय में एफआईआई अपने मूल देश वापस चले जाते हैं जो ज्यादातर अमरीकी है। उन्होंने कहा कि भारतीय बाजार मजबूत है और ये बदलाव अस्थायी हो सकते हैं। सीतारमण ने शुल्क दर को लेकर अमरीका के रुख पर कहा कि भारत अधिक निवेशक अनुकूल बनने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने हाल में पेश बजट में सीमा शुल्क दरों में सुधार का जिक्र किया।

ये भी पढ़ें :- Parliament Live: लोकसभा में गिरा महिला आरक्षण बिल, विरोध में पड़े 230 वोट

Exit mobile version